Walmart, Apple Lay Off: मंदी की आशंका के बीच कंपनियों में छंटनी का दौर जारी है। मेटा, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन जैसे प्लेटफार्म बड़े पैमाने पर छंटनी (Layoff) कर रहे हैं। ऐसे में ई-कॉमर्स की लोकप्रिय वॉलमार्ट (Walmart) ने अपने 2000 कर्मचारियों की छंटनी करने का ऐलान किया है। इसके अलावा आईफोन बनाने वाली कंपनी एप्पल (Apple) ने भी कर्मचारियों को निकालना शुरू कर दिया है।
इन जगहों पर वॉलमार्ट करेगा छंटनी
ब्लूमबर्ग ने रेगुलेटरी फाइलिंग के हवाले से कहा है कि वालमार्ट अपने पांच ई-कॉमर्स सेंटर्स से 2,000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करेगी। Walmart फोर्ट वर्थ, टेक्सास में 1,000 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी, तो वहीं न्यू जर्सी में करीब 200, फ्लोरिडा में 400 और पेंसिल्वेनिया में 600 कर्मचारियों की छंटनी करेगा। अमेरिका में निजी क्षेत्र की बड़े स्तर पर रोजगार के लिए जानी जाने वाली वालमार्ट कंपनी लाखों लोगों को रोजगार दे रही है। हालांकि, जनवरी में खत्म हुई चौथी तिमाही में कंपनी के इंटरनेशनल बिजनेस की ऑपेरटिंग इनकम 72% कम होकर 300 मिलियन डॉलर रह गई थी। हालांकि, छंटनी का ये आंकड़ा अमेजन की तुलना में काफी कम है।
एप्पल में भी हो रही छंटनी
एप्पल अपने कॉर्पोरेट रिटेल टीम में कुछ पदों से कर्मचारियों की छंटनी कर रहा है। कंपनी में कितने कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है इसकी संख्या का खुलासा नहीं हुआ है। रिपोर्ट में दावा है कि कर्मचारियों को नौकरी के लिए फिर से आवेदन करने को कहा गया है। वालमार्ट से पहले अमेजन ने पहले 18,000 कर्मचारियों की छंटनी की और फिर कुछ दिन पहले ही 9000 नौकरियों को कम करने का ऐलान किया है।
