Vodafone Idea Share Price: वोडाफोन आइडिया के शेयर सोमवार 18 अगस्त को सुर्खियों में है क्योंकि टेलीकॉम कंपनी ने जून तिमाही में घाटे में और इजाफा दर्ज किया है। FY25 की पहली तिमाही में कंपनी को ₹6,608 करोड़ का नेट घाटा हुआ, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹6,432 करोड़ था। हालांकि कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 5% बढ़कर ₹11,023 करोड़ हो गया, जो कि पिछले साल की समान अवधि में ₹10,508 करोड़ था। वोडाफोन आइडिया के शेयर में आज सुबह 10.35 तक 6.99% का उछाल देखा गया। प्रति शेयर प्राइस 6.58 रुपये है।
- ARPU (प्रति यूजर औसत राजस्व) ₹177 रहा, जो Q1FY24 के ₹154 से 15% अधिक है।
- EBITDA ₹4,612 करोड़ रहा, जो पिछले साल ₹4,205 करोड़ था 10% की बढ़त।
- EBITDA मार्जिन बढ़कर 41.8% हो गया, जो पिछले साल की तुलना में 180 बेसिस पॉइंट अधिक है।
- तिमाही-दर-तिमाही आधार पर देखें तो कंपनी का घाटा Q4FY25 के ₹7,166 करोड़ से कम हुआ है, जबकि रेवेन्यू लगभग स्थिर रहा।
नेटवर्क विस्तार के मोर्चे पर, कंपनी ने तिमाही में 13 सर्कल्स में 22 शहरों में 5G सेवाएं शुरू कीं, और 4G कवरेज को भी आगे बढ़ाया। ग्राहक घटने की दर (चर्न) में 90% की गिरावट आई है। 4G और 5G यूजर बेस बढ़कर 127.4 मिलियन हो गया, जबकि Q1FY25 में यह 126.7 मिलियन था। 4G कवरेज अब देश की 84% आबादी तक पहुंच चुकी है, जबकि 4G डेटा कैपेसिटी में 36% और औसत इंटरनेट स्पीड में 24% की वृद्धि दर्ज की गई है (मार्च 2024 की तुलना में)।
कैश EBITDA ₹2,180 करोड़ रहा (Ind AS 116 से पहले के आधार पर), जो साल-दर-साल 3.7% अधिक है। बैंक कर्ज घटकर ₹1,930 करोड़ (₹19.3 बिलियन) रह गया है (30 जून 2025 तक)। कंपनी ने AST SpaceMobile के साथ साझेदारी की है, ताकि दूरदराज के क्षेत्रों में सैटेलाइट के ज़रिए डायरेक्ट-टू-डिवाइस ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी दी जा सके।
सीईओ अक्षय मूंदड़ा ने कहा कि Q1 कंपनी के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित हुआ है। पिछले तीन तिमाहियों में किए गए निवेशों का असर अब दिख रहा है, और ग्राहक आधार स्थिर हो रहा है। उन्होंने 5G सेवाओं के विस्तार और डेटा खपत में रिकॉर्ड बढ़ोतरी का भी ज़िक्र किया। गुरुवार को BSE पर वोडाफोन आइडिया के शेयर 3.45% गिरकर ₹6.15 पर बंद हुए थे।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
