Retaliatory Tariffs on India-China Trade: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनकी सरकार जल्द ही भारत और चीन सहित अन्य देशों पर जवाबी शुल्क (Retaliatory Tariff) लगाने जा रही है। यह बयान उन्होंने शुक्रवार को वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान दिया। वाशिंगटन में एक संबोधन के दौरान ट्रंप ने कहा, "हम बहुत जल्द जवाबी शुल्क लगाएंगे। इसका मतलब है कि यदि कोई देश हम पर शुल्क लगाता है, तो हम भी उन पर उतना ही शुल्क लगाएंगे। हम निष्पक्ष व्यापार चाहते हैं, इसलिए जवाबी शुल्क अनिवार्य है।" उन्होंने भारत और चीन को उदाहरण के रूप में पेश करते हुए कहा कि सभी देशों पर यह समान रूप से लागू होगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
मोदी से पहले ही हो चुकी है चर्चा
ट्रंप ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि भारत को वाशिंगटन के जवाबी शुल्कों से छूट नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा, "कोई भी व्यक्ति मुझसे शुल्क के मुद्दे पर बहस नहीं कर सकता।"
फॉक्स न्यूज साक्षात्कार में भी दोहराया बयान
ट्रंप ने यह टिप्पणी फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार के दौरान भी दोहराई। मंगलवार को प्रसारित इस संयुक्त साक्षात्कार में अरबपति उद्योगपति एलन मस्क भी मौजूद थे।
पहले भी लगा चुके हैं जवाबी शुल्क
गौरतलब है कि 13 फरवरी को व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की द्विपक्षीय बैठक से कुछ घंटे पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने जवाबी टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। इस नीति के तहत, अमेरिका अपने प्रत्येक विदेशी व्यापार भागीदार पर समान मात्रा में शुल्क लागू करेगा।
भाषा इनपुट के साथ
