बिजनेस

US-ईरान युद्ध का असर, पनडुब्बी मेकर PSU स्टॉक 7% उछला, डिफेंस इंडेक्स 3% चढ़ा

पश्चिम एशिया में यूएस-इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग की आंच हिंद महासागर तक पहुंच चुकी है। वहीं, भारत के डिफेंस स्टॉक्स में जोरदार तेजी देखने को मिली है। खासतौर पर पनडुब्बी बनाने वाली PSU के स्टॉक में 7% की ताबड़तोड़ तेजी देखने को मिली है।

Image

डिफेंस स्टॉक्स में जोरदार तेजी

वेस्ट एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार के डिफेंस सेक्टर पर साफ दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स करीब 3% चढ़ गया। Mazagon Dock, BDL, MTAR Tech और GRSE जैसे शेयरों में 5 से 7% तक की तेज बढ़त दर्ज की गई।

लगातार दूसरे दिन तेजी

वेस्ट एशिया में ईरान, इजराइल और अमेरिका से जुड़ी बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच डिफेंस कंपनियों के शेयरों में लगातार दूसरे दिन खरीदारी देखने को मिली। निवेशकों का मानना है कि ऐसे हालात में देशों का फोकस रक्षा तैयारियों और सैन्य क्षमता बढ़ाने पर ज्यादा रहता है, जिससे डिफेंस कंपनियों के कारोबार को फायदा मिल सकता है। निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स शुक्रवार को 237.30 अंक यानी 2.86% बढ़कर 8,531.25 पर पहुंच गया। इंडेक्स का इंट्राडे हाई 8,579.80 और लो 8,289.70 रहा। इससे पहले गुरुवार को भी यह इंडेक्स करीब 2.5% की तेजी के साथ बंद हुआ था। इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक कुल 18 में से 17 शेयर बढ़त में कारोबार कर रहे थे, जबकि केवल Cyient DLM हल्की गिरावट के साथ लाल निशान में रहा।

इन शेयरों में बड़ी रैली

डिफेंस सेक्टर की कई कंपनियों के शेयरों में मजबूत तेजी दर्ज की गई। खासतौर पर शिपबिल्डिंग और डिफेंस इक्विपमेंट बनाने वाली कंपनियों में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। Mazagon Dock Shipbuilders का शेयर करीब 7% चढ़कर 2,560 रुपये तक पहुंच गया, जो लगभग नौ महीनों की सबसे बड़ी तेजी में से एक है। वहीं, भारत डायनेमिक्स (BDL) में 6.07%, MTAR Technologies में 6.92% और Data Patterns में 5.56% की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा Paras Defence का शेयर 5.12% और Garden Reach Shipbuilders & Engineers (GRSE) करीब 5.21% चढ़कर कारोबार करता दिखा। इन कंपनियों में बढ़ती खरीदारी से पूरे सेक्टर में तेजी का माहौल बना रहा।

BEL, HAL समेत बड़े डिफेंस शेयरों में भी खरीदारी

बड़ी और स्थापित डिफेंस कंपनियों के शेयरों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) का शेयर 3.03% बढ़कर 471.95 रुपये पर पहुंच गया, जबकि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) में करीब 1.10% की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा Cochin Shipyard, Solar Industries, MIDHANI और BEML जैसे शेयरों में भी 2 से 4% तक की मजबूती देखने को मिली। डिफेंस सेक्टर में व्यापक खरीदारी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इंडेक्स के लगभग सभी शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे।

डिफेंस सेक्टर पर सरकार का बढ़ता फोकस

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में कहा कि Garden Reach Shipbuilders & Engineers को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है ताकि देश का औद्योगिक इकोसिस्टम मजबूत और भविष्य के लिए तैयार बनाया जा सके। सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ नीति और रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने की रणनीति के चलते घरेलू डिफेंस कंपनियों की ऑर्डर बुक में लगातार सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। इससे आने वाले समय में सेक्टर की कंपनियों के लिए नए अवसर बन सकते हैं।

स्टॉककीमत (₹)बढ़त (%)हाई (₹)लो (₹)
MTAR Technologies3,827.006.92%3,843.003,580.00
Bharat Dynamics (BDL)1,358.306.07%1,366.801,280.10
Mazagon Dock Shipbuilders2,494.606.04%2,515.002,360.00
Data Patterns3,545.905.56%3,560.003,330.00
Garden Reach Shipbuilders (GRSE)2,534.705.21%2,552.002,405.00

क्यों बढ़ी डिफेंस शेयरों में दिलचस्पी

जब वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव बढ़ता है तो कई देश अपनी रक्षा तैयारियों को मजबूत करने पर जोर देते हैं। ऐसे माहौल में मिसाइल सिस्टम, ड्रोन, निगरानी उपकरण, रडार और गोला-बारूद जैसे डिफेंस प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ने की संभावना रहती है। इसी उम्मीद के चलते निवेशक डिफेंस कंपनियों के शेयरों में खरीदारी बढ़ा देते हैं। बाजार में यही ट्रेंड शुक्रवार को भी देखने को मिला, जब डिफेंस सेक्टर के ज्यादातर शेयर मजबूत बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article