बिजनेस

ET Now Global Business Summit 2024: ये दिल मांगे मोर वाली सरकार, पिछले 10 साल में आम आदमी हुआ सशक्त- पीयूष गोयल

Global Business Summit 2024: ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट के मंच से केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत दुनिया की टॉप पांच इकोनॉमी में शामिल है और जल्द ही आने वाले साल में दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था होगा।

Image

Piyush Goyal at ET Now Global business summit 2024

Photo : Times Now Digital

ET Now Global Business Summit 2024: टाइम्स ग्रुप के ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट का 8वें संस्करण का आगाज हो गया है। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण, कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने शिरकत की। टाइम्स नाउ नवभारत एंड टाइम्स नाउ की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ बातचीत में पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने यह परिभाषित किया है कि हम देश के 140 करोड़ लोगों का ख्याल रखते हैं। ये दिल मांगे मोर वाली सरकार है और इसने पिछले 10 साल में हर तबके को सशक्त बनाया है। गोयल ने कहा कि बहुत जल्द ही भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में विकास

उन्होंने कहा कि किसी भी और सरकार ने देश के नॉर्थ ईस्ट के राज्यों के विकास की तरफ ध्यान नहीं दिया, लेकिन पीएम मोदी के नेतृत्व में इस क्षेत्र में तेजी से विकास के काम हुए हैं। आगे उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की गिनती बीमारू राज्यों में होती थी, आज के समय में तस्वीर बदल गई है और यह निवेश के लिए सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन बन गया है।

सोने से पहले मीलों चलना होगा

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल कहा कि हमें सोने से पहले मीलों चलना होगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी सशक्त हुआ है और जीवन की बेहतर क्वालिटी के लिए उसकी इच्छा और आकांक्षा जागृत हुई है। आज उनकी ख्वाहिश है कि वो अपने मोबाइल फोन पर जो अच्छी चीजें देखते हैं, वो उनकी दुनिया में भी उपलब्ध हों । और यही इन 10 सालों में हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।

ये दिल मांगे मोर वाली सरकार

पीयूष गोयल ने कहा कि हमारी सरकार ये दिल मांगे मोर वाली सरकार है। और दिल जितना अधिक मांगेगा, हम उतनी ज्यादा मेहनत करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के बारे में बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी की खासियत यह है कि वो आउट ऑफ द बॉक्स सोचते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हम आलोचनाओं का स्वागत करते हैंष साथ ही नए विचारों को भी जगह देते हैं। उन्होने कहा कि पीएम मोदी एक बेहतरीन श्रोता हैं। एक घंटे की चर्चा में वो 55 मिनट तक डिटेल्स सुनते रहते हैं और फिर 5 मिनट में डीकंस्ट्रक्ट करते हैं और फिर आउट-ऑफ-द-बॉक्स विचार पेश करते हैं।

3 इडियट्स फिल्म का जिक्र

ग्लोबल बिजनेस समिट 2024 को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अब समय आ गया है कि हमारे बच्चे बेवकूफ न बनें। मुझे यकीन है ज्यादातर लोगों ने फिल्म 3 इडियट्स देखी होगी। इस देश में और अधिक माधवन नहीं चाहिए, जहां एक अद्भुत फोटोग्राफर इंजीनियर बनने के लिए जाता है। सिर्फ इसलिए क्योंकि उसके माता-पिता ये चाहते थे। अब समय आ गया है कि हम अपने युवाओं को उनके टैलेंट के लिए पहचानना शुरू करें और उन्हें अवसर प्रदान करें। यही वह यात्रा है जिसे भारत शुरू कर रहा है। हमारे युवा पुरुष और महिलाएं हमें गौरवान्वित करते हैं और वे भारत का भविष्य हैं।

चुनावों पर क्या बोले गोयल

टाइम्स नाउ नवभारत और टाइम्स नाउ की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नविका कुमार के एक सवाल के जवाब में, गोयल ने कहा कि भाजपा साहस और दृढ़ विश्वास के साथ चुनाव में उतरेगी कि भारत उनकी सरकार द्वारा पिछले 10 साल में किए गए कार्यों के पीछे खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को भरोसा है कि भारत के लोग जानते हैं कि उनके लिए सबसे अच्छा क्या है।

TNN Business Desk
TNN बिजनेस डेस्क author

TNN बिजनेस डेस्क

और पढ़ें
End of Article