Agriculture News : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश के 5 प्रमुख राज्यों उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और त्रिपुरा के किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार (1 सितंबर) को कृषि मंत्री ने दो प्रमुख केंद्रीय योजनाओं के तहत 1,183.11 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी करने को अपनी मंजूरी दे दी। इस बैठक में केंद्रीय कृषि सचिव अतीश चंद्र के साथ-साथ इन 5 राज्यों के कृषि मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। समीक्षा बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने जमीनी स्तर पर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जारी की दूसरी किस्त (तस्वीर-X)
दो प्रमुख केंद्रीय योजनाओं को मिला बजट
कृषि मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह पूरी राशि 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना' (PM-RKVY) और 'कृषोन्नति योजना' (KY) के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। सरकार का मुख्य उद्देश्य इन फंड्स की मदद से कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना है। जारी किए गए बजट का सीधा उपयोग किसानों की आय बढ़ाने, उनकी खेती की लागत में कमी लाने और कृषि में नई व आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए किया जाएगा।
राज्यवार जारी की गई राशि का ब्यौरा
स्वीकृत की गई 1,183.11 करोड़ रुपये की कुल राशि में से आंध्र प्रदेश को सबसे बड़ा हिस्सा मिला है।
- आंध्र प्रदेश: 409.40 करोड़ रुपये
- तमिलनाडु: 355.88 करोड़ रुपये
- ओडिशा: 219.65 करोड़ रुपये
- उत्तराखंड: 106.67 करोड़ रुपये
- त्रिपुरा: 91.51 करोड़ रुपये
हर पात्र किसान तक पहुंचे लाभ: शिवराज सिंह
समीक्षा बैठक के अंत में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी पांचों राज्यों के अधिकारियों और कृषि मंत्रियों से इन योजनाओं को तेजी से और पारदर्शी तरीके से लागू करने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकारें यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के हर एक पात्र किसान तक पहुंचे, ताकि इसका सकारात्मक असर जमीनी स्तर पर दिखाई दे।
