Union Budget 2027: बजट पर होगी Gen Z की छाप, प्री-बजट बैठक में FM सीतारमण को बताया उन्हें क्या चाहिए?

पहली बार देश के बजट में Gen Z की छाप देखने को मिलेगी। प्री-बजट बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने Gen Z के साथ बैठक की है। इस दौरान AI से लेकर नौकरियों तक चर्चा हुई।

Budget 2027 FM Meets Gen Z : वित्त मंत्रालय ने Union Budget 2027-28 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार बजट में देश के युवाओं की छाप भी दिखेगी। गुरुवार, 26 नवंबर को पहली बार प्री-बजट बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने Gen Z प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की है। इस बैठक में युवाओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नई तकनीक, रोजगार, रिसर्च, स्किल डेवलपमेंट और इंटर्नशिप जैसे मुद्दों पर अपनी राय रखी। युवाओं की मांग साफ थी कि आने वाले बजट में सिर्फ पढ़ाई पर नहीं, बल्कि पढ़ाई के बाद नौकरी पाने की तैयारी पर भी जोर दिया जाए।

Union Budget 2027 Gen Z

केंद्रीय बजट में जेन जी की भुमिका बढ़ी

AI और नई टेक्नोलॉजी में निवेश बढ़ाने की मांग

बैठक में युवाओं ने सरकार से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की अपील की। उनका कहना था कि भारत को AI के क्षेत्र में अपनी क्षमताएं मजबूत करनी होंगी। इसके लिए बेहतर टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने, नई टेक्नोलॉजी के इकोसिस्टम को विकसित करने और रिसर्च एवं इनोवेशन को प्रोत्साहन देने की जरूरत है। युवाओं ने यह भी कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ रोजगार की प्रकृति तेजी से बदल रही है। ऐसे में नई पीढ़ी को भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार करने के वास्ते प्रशिक्षण और स्किल डेवलपमेंट पर अधिक ध्यान देना होगा।

PM Internship Scheme को बेहतर बनाने का सुझाव

बैठक में रोजगार और युवाओं की रोजगार पाने की क्षमता एक बड़ा मुद्दा रहा। प्रतिभागियों ने शिक्षा व्यवस्था और इंडस्ट्री की जरूरतों के बीच मौजूद अंतर को कम करने पर जोर दिया। युवाओं का सुझाव था कि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम को कंपनियों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप बनाया जाए। इससे पढ़ाई पूरी करने के बाद युवाओं को नौकरी के लिए अलग से लंबी ट्रेनिंग की जरूरत कम होगी। इसके साथ ही PM Internship Scheme को ज्यादा आकर्षक और प्रभावी बनाने की मांग भी उठी। सुझाव दिया गया कि इंटर्नशिप के जरिए युवाओं को वास्तविक काम का अनुभव मिले और उनकी रोजगार पाने की क्षमता बेहतर हो। बेहतर स्टाइपेंड और इंडस्ट्री से जुड़ा व्यावहारिक प्रशिक्षण भी इस दिशा में मददगार हो सकता है।

खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर और घरेलू मैन्युफैक्चरिंग पर जोर

बैठक में युवाओं ने खेलों को लेकर भी कई सुझाव दिए। उन्होंने देश में खेल सुविधाओं और ट्रेनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने की जरूरत बताई। साथ ही खेलों से जुड़े उपकरणों और उत्पादों के घरेलू मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को विकसित करने पर जोर दिया। इसका उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ देश में स्पोर्ट्स गुड्स के उत्पादन को बढ़ावा देना है।

दो घंटे चली बैठक, 22 प्रतिभागियों ने रखे विचार

यह बैठक करीब दो घंटे चली। इसमें देश के अलग-अलग क्षेत्रों और संस्थानों से जुड़े छात्र, युवा पेशेवर, रिसर्च संस्थानों और सामाजिक क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में करीब 50 फीसदी महिलाओं की भागीदारी रही। एक प्रतिभागी के मुताबिक, सभी 22 प्रतिभागियों को अपनी बात रखने का पर्याप्त समय दिया गया। एक प्रतिभागी ने कहा कि बजट बनाने की प्रक्रिया में युवाओं की आवाज शामिल होना उनके लिए उत्साहजनक अनुभव था। बैठक में रिसर्च, इनोवेशन, नई टेक्नोलॉजी, रोजगार, स्किलिंग और ट्रेनिंग से जुड़े मुद्दों पर प्रमुखता से चर्चा हुई।

16 नवंबर से शुरू हुई थी बजट-पूर्व चर्चा

वित्त मंत्री की यह बैठक Union Budget 2027-28 के लिए आयोजित 13वीं और अंतिम बजट-पूर्व परामर्श बैठक थी। इस साल 16 से 26 नवंबर के बीच हुई बैठकों में 13 अलग-अलग क्षेत्रों और हितधारक समूहों के 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इन चर्चाओं में कृषि, ग्रामीण विकास, मैन्युफैक्चरिंग, MSME, स्टार्टअप, बैंकिंग, कैपिटल मार्केट, IT, इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, रिसर्च और स्किल डेवलपमेंट जैसे मुद्दे शामिल रहे।

End Article
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अध...

End of Feed