बिजनेस

Uber Layoffs: उबर करेगी छंटनी, 10% कर्मचारियों को नौकरी से निकालेगी

Uber Layoffs: उबर अपने परिचालन को सुव्यवस्थित करने के लिए वैश्विक स्तर पर 10% कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। भारत में भी इसका असर पड़ेगा, लेकिन वह कंपनी का प्रमुख बाजार बना रहेगा।

Image

उबर का बड़ा झटका: दुनिया भर में 10% छंटनी, 3,400 कर्मचारियों की छुट्टी!

Photo : iStock

Uber Layoffs : कैब बुकिंग सर्विस देने वाली दुनिया की प्रमुख कंपनी उबर टेक्नोलॉजीज (Uber Technologies) ने अपने वैश्विक परिचालन को बेहतर बनाने और खर्चों को नियंत्रित करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। कंपनी अपने कुल वर्कफोर्स में से करीब 10 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। इस फैसले के कारण दुनिया भर में करीब 3,400 लोगों को अपनी नौकरियों से हाथ धोना पड़ेगा।

सीईओ ने कर्मचारियों को दी जानकारी

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा उबर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) दारा खोसरोशाही ने सभी कर्मचारियों को एक आधिकारिक संदेश भेजकर इस निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी अपने संगठनात्मक ढांचे को सरल और चुस्त बनाना चाहती है। इसके तहत मैनेजमेंट के अनावश्यक स्तरों को समाप्त किया जाएगा, विभिन्न टीमों का पुनर्गठन किया जाएगा और कंपनी अपने कार्यालयों को दुनिया के कुछ चुनिंदा प्रमुख शहरों में केंद्रित करेगी।

मैनेजमेंट और छोटी टीमों पर सबसे अधिक गाज

कंपनी ने मुख्य रूप से उन भूमिकाओं पर कटौती की है जो प्रबंधन और समन्वय से जुड़ी थीं। सीईओ के पद से सात या उससे अधिक स्तर नीचे काम करने वाले पदों में करीब 20 प्रतिशत की कटौती की गई है। इसके अलावा, ऐसी छोटी टीमें जिनमें केवल एक या दो कर्मचारी काम कर रहे थे, उनकी संख्या में करीब 50 प्रतिशत तक की कमी की गई है।

वर्क फ्रॉम होम खत्म

संगठन में बदलाव के साथ-साथ उबर अपनी कार्य संस्कृति में भी बदलाव कर रही है। कंपनी ने घर से काम (रिमोट वर्क) करने वाले अधिकांश कर्मचारियों को वापस दफ्तर आने के निर्देश दिए हैं। कंपनी की नई हाइब्रिड नीति के अनुसार, अब कर्मचारियों को सप्ताह में कम से कम तीन दिन कार्यालय में उपस्थित होकर काम करना अनिवार्य होगा।

भारत पर क्या होगा असर?

भारत में भी इस छंटनी का असर देखने को मिलेगा। उबर इंडिया के प्रवक्ता ने इस संबंध में पुष्टि करते हुए कहा कि भारत में कार्यरत कुछ कर्मचारियों की भूमिकाएं निश्चित रूप से प्रभावित होंगी। हालांकि, उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि भारत कंपनी के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण बाजार बना रहेगा। एशिया-प्रशांत (APAC) क्षेत्र में अपने बिजनेस को विस्तार देने के लिए कंपनी भारत में अपने क्षेत्रीय परिचालन को और अधिक मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

कंपनी का वैश्विक दायरा

31 दिसंबर, 2025 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष की रिपोर्ट के अनुसार, उबर और उसकी सहायक कंपनियों में दुनिया भर में लगभग 34,000 कर्मचारी कार्यरत थे। वर्तमान में यह कंपनी 70 से अधिक देशों और 15,000 से भी ज्यादा शहरों में अपनी कैब और डिलीवरी सेवाएं प्रदान कर रही है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article