Twitter Bird Logo Auction: ट्विटर के फेमस ब्लू बर्ड लोगो की नीलामी हो चुकी है। इसे एलन मस्क ने अधिग्रहण के बाद हटा दिया था और X के नाम से बदलकर लोगो भी इसी को बना दिया था। इसके साथ सैन फ्रांसिस्को मुख्यालय से भी ब्लू बर्ड को हटा दिया गया था। अब ब्लू बर्ड को एक नीलामी में करीब $34,375 (लगभग 3.10 लाख रुपये) में बेचा गया। यह लोगो 12 फीट × 9 फीट का था और इसका वजन 254 किलोग्राम था। हालांकि, खरीदार की पहचान उजागर नहीं की गई है।
मस्क पहले भी बेच चुके हैं ट्विटर की कई चीजें
ट्विटर के रीब्रांड होने के बाद, एलन मस्क ने इसके पुराने मुख्यालय की कई चीजें नीलामी में बेची थीं। इनमें साइन बोर्ड, यादगार वस्तुएं, किचन इक्विपमेंट और ऑफिस फर्नीचर तक शामिल थे।
जब टेक जगत की इन ऐतिहासिक चीजें की लगी बोली
इस नीलामी में अन्य तकनीकी आइकॉनिक वस्तुओं की भी बोली लगी, जिनमें शामिल हैं:
1. Apple-1 कंप्यूटर – $375,000 (लगभग 3.1 करोड़ रुपये)
2. स्टीव जॉब्स का 1976 में साइन किया हुआ चेक – $112,054 (लगभग 94 लाख रुपये)
3. पहली जनरेशन का iPhone (4GB, सील पैकेज) – $87,514 (लगभग 73 लाख रुपये)
$44 बिलियन जुटाने की तैयारी में X
एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी X (पूर्व में ट्विटर) निवेशकों से $44 बिलियन जुटाने की बातचीत कर रही है। मस्क ने 2022 में ट्विटर को इसी कीमत पर खरीदा था, लेकिन कई निवेशकों ने इसकी वैल्यू को कम कर दिया था।
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प की जीत और कुछ विज्ञापनदाताओं की वापसी के बाद X के वित्तीय हालात में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। इससे उन बैंकों को भी राहत मिल रही है जिन्होंने मस्क के अधिग्रहण के लिए $13 बिलियन का लोन दिया था।
