बिजनेस

Import-Export: निर्यात घटने और आयात के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचने से व्यापार घाटे में इजाफा, अगस्त में रहा 29.65 अरब डॉलर

Trade Deficit: 64.36 अरब डॉलर का आयात अब तक किसी महीने में सर्वाधिक है। ये व्यापार घाटा बढ़ने का बड़ा कारण है। व्यापार घाटा अगस्त में 29.65 अरब डॉलर हो गया, जो कि पिछले साल अगस्त में 24.2 अरब डॉलर रहा था।

Image

देश का व्यापार घाटा बढ़ा

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • देश का निर्यात घटा
  • आयात पहुंचा रिकॉर्ड लेवल पर
  • व्यापार घाटे में तगड़ी बढ़ोतरी

Trade Deficit: देश का वस्तु निर्यात अगस्त महीने में 9.3 प्रतिशत घटकर 34.71 अरब डॉलर रहा। एक साल पहले इसी महीने में यह 38.28 अरब डॉलर था। मंगलवार को जारी किए गए सरकारी आंकड़ों के अनुसार अगस्त महीने में आयात 3.3 प्रतिशत बढ़कर 64.36 अरब डॉलर रहा, जो एक साल पहले इसी महीने में 62.3 अरब डॉलर था। निर्यात घटने और आयात बढ़ने से अगस्त में व्यापार घाटा यानी आयात और निर्यात के बीच का अंतर बढ़कर 29.65 अरब डॉलर हो गया।

ये भी पढ़ें -

कितना बढ़ा व्यापार घाटा

64.36 अरब डॉलर का आयात अब तक किसी महीने में सर्वाधिक है। ये व्यापार घाटा बढ़ने का बड़ा कारण है। व्यापार घाटा अगस्त में 29.65 अरब डॉलर हो गया, जो कि पिछले साल अगस्त में 24.2 अरब डॉलर रहा था। इसी साल जुलाई में व्यापार घाटा 23.50 अरब डॉलर रहा था।

अप्रैल-अगस्त के आंकड़े

देश के वस्तु निर्यात में जुलाई महीने में 1.5 प्रतिशत की गिरावट आई थी। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-अगस्त के दौरान निर्यात 1.14 प्रतिशत बढ़कर 178.68 अरब डॉलर, जबकि आयात सात प्रतिशत बढ़कर 295.32 अरब डॉलर रहा।

कितना था अनुमान

ईटी की रिपोर्ट के अनुसार रॉयटर्स पोल के मुताबिक अर्थशास्त्रियों ने देश के अगस्त व्यापार घाटे के 23 बिलियन डॉलर रहने की उम्मीद जताई थी। ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक व्यापार सचिव सुनील बर्थवाल ने बढ़ती शिपिंग लागत और चीन में मंदी का हवाला देते हुए कहा है कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में निर्यात को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

सेवाओं का निर्यात बढ़ा

अगस्त में सेवाओं का निर्यात 30.69 बिलियन डॉलर रहा, जबकि सेवाओं का आयात 15.70 बिलियन डॉलर रहा, जबकि एक साल पहले यह क्रमश: 28.71 बिलियन डॉलर और 15.09 बिलियन डॉलर था। इससे पहले, जुलाई में, माल निर्यात में सालाना आधार पर 1.4 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 33.98 बिलियन डॉलर रहा, जबकि आयात 7.5 प्रतिशत बढ़कर 57.48 बिलियन डॉलर हो गया। (इनपुट - भाषा)

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article