बिजनेस

Share Market: शेयर बाजार में गिरावट का कहर, सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों की मार्केट कैपिटल में 2.09 लाख करोड़ रुपये कमी

शेयर मार्केट में पिछले कुछ दिनों से लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। गिरावट के इस रुख की वजह से सेंसेक्स पर लिस्टेड टॉप 10 कंपनियों की मार्केट कैपिटल में कमी देखने को मिल रही है। पिछले हफ्ते सेंसेक्स पर लिस्टेड टॉप 10 कंपनियों की मार्केट में लगभग 2.09 लाख करोड़ रुपये की गिरावट देखने को मिली है।

Image

शेयर बाजार में गिरावट का कहर, सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों की मार्केट कैपिटल में 2.09 लाख करोड़ रुपये कमी

Photo : iStock

Share Market: स्थानीय शेयर बाजार में गिरावट के रुख के बीच पिछले सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से नौ के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में 2,09,952.26 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान में हिंदुस्तान यूनिलीवर और रिलायंस इंडस्ट्रीज रहीं। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,822.46 अंक या 2.24 प्रतिशत के नुकसान में रहा। सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में सिर्फ एचडीएफसी बैंक के बाजार मूल्यांकन में बढ़ोतरी हुई।

किस कंपनी को कितना हुआ नुकसान?

समीक्षाधीन सप्ताह में हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 44,195.81 करोड़ रुपये घटकर 5,93,870.94 करोड़ रुपये रह गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत 41,994.54 करोड़ रुपये घटकर 17,96,726.60 करोड़ रुपये रह गई। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार मूल्यांकन 35,117.72 करोड़ रुपये घटकर 6,96,655.84 करोड़ रुपये पर आ गया, जबकि भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 24,108.72 करोड़ रुपये घटकर 9,47,598.89 करोड़ रुपये रह गई। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार पूंजीकरण 23,137.67 करोड़ रुपये घटकर 14,68,183.73 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मूल्यांकन 19,797.24 करोड़ रुपये घटकर 5,71,621.67 करोड़ रुपये पर आ गया, जबकि इन्फोसिस का मूल्यांकन 10,629.49 करोड़ रुपये घटकर 7,69,496.61 करोड़ रुपये रह गया।आईटीसी की बाजार हैसियत 5,690.96 करोड़ रुपये घटकर 6,02,991.33 करोड़ रुपये पर और आईसीआईसीआई बैंक की 5,280.11 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 8,84,911.27 करोड़ रुपये पर आ गई।

बाजार से उलट चली ये कंपनियां

इस रुख के उलट एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 46,891.13 करोड़ रुपये बढ़कर 13,29,739.43 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, एसबीआई, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा।

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article