Tomato Prices: टमाटर की बढ़ती कीमतों पर चिंता के बीच वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को कहा कि इस सप्ताहांत से दिल्ली-एनसीआर में टमाटर 70 रुपये प्रति किलोग्राम बेचा जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थिति को कम करने में मदद के लिए नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NCCF) दिल्ली-एनसीआर में रियायती दर पर टमाटर की बिक्री करेगा। वित्त मंत्री ने कहा कि NCCF ने राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में 8,84,612 किलोग्राम टमाटर वितरित किए हैं और यह आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा और इसमें बढ़ोतरी भी की जाएगी। टमाटर की कीमतें पहले ही बढ़ चुकी हैं।
टमाटर की कीमतों पर निर्मला सीतारमण ने किया बड़ा ऐलान
आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में थोक मंडियों में कीमतें 100 रुपए से नीचे आने लगी हैं और हमें उम्मीद है कि इससे हमें मदद मिलेगी। हमने कोलार मंडी के माध्यम से टमाटर बुक कर लिया है। जो दिल्ली में 85 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ रहा है। हमने नेपाल से आयात भी शुरू कर दिया है आयात प्रतिबंध हटने से नेपाल से टमाटर की पहली खेप शुक्रवार तक वाराणसी, कानपुर पहुंचने की संभावना है।
सीतारमण ने कहा कि NCCF और NAFED जैसी सहकारी समितियों के माध्यम से वितरण के लिए महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से टमाटर खरीदे जा रहे हैं। यह दृष्टिकोण 14 जुलाई से बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान में शुरू किया गया है। इसके अतिरिक्त, दिल्ली में मोबाइल वैन NCCF और नेफेड आउटलेट के रूप में कार्य करती हैं।
