डेड इकोनॉमी कहने वालों को मिला करारा जवाब, वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था ने किया कमाल: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में, हम अगली पीढ़ी के सुधारों का एक नया चरण शुरू करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सुधारों के बारे में विस्तार से नहीं बताया, लेकिन माल एवं सेवा कर (GST) जैसे सबसे बड़े नियोजित सुधार का संकेत जरूर दिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को डेड इकोनॉमी (बेजान अर्थव्यवस्था) कहने वालों को करारा जवाब देते हुए कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं एवं आर्थिक स्वार्थ से प्रेरित चुनौतियों के बीच भारतीय जीडीपी ग्रोथ रेट सभी अनुमानों को पार कर गई है। उल्लेखनीय है कि तमाम अनुमानों को गलत साबित करते हुए भारतीय अर्थव्यवस्था पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी। ‘सेमीकॉन इंडिया 2025’ सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अप्रैल-जून में सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की वृद्धि ‘हर उम्मीद, आशा एवं अनुमान’ से बेहतर रही। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने यह आर्थिक प्रदर्शन वैश्विक अनिश्चितताओं और ‘आर्थिक स्वार्थ से उपजी चुनौतियों’ के बीच किया है।

PM Narendra Modi

PM Narendra Modi (PTI)

भारत ने हर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया

मोदी ने कहा कि एक बार फिर, भारत ने हर उम्मीद, हर अनुमान से बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर की अर्थव्यवस्थाएं आर्थिक स्वार्थ से प्रेरित चिंताओं एवं चुनौतियों का सामना कर रही हैं। ऐसे में भारत ने 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर हासिल की है। प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि यह वृद्धि सभी क्षेत्रों विनिर्माण, सेवा, कृषि और निर्माण में दिखाई दे रही है। हर जगह उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की तेज वृद्धि सभी उद्योगों और हर नागरिक में नई ऊर्जा का संचार कर रही है।

End of Feed