रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की प्रमुख कंपनी Servotech Power Systems को इंडियन रेलवे से बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी को ईस्ट कोस्ट रेलवे के वॉल्टेयर डिवीजन में 4.1 मेगावॉट की ऑन-ग्रिड रूफटॉप सोलर परियोजना का ठेका मिला है। इस खबर के बाद कंपनी के शेयर में बुधवार को शुरुआती ट्रेड में करीब 3% की तेजी देखी गई। Servotech को जो कॉन्ट्रैक्ट मिला है, उसके तहत कंपनी डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमिशनिंग का कार्य करेगी। यह परियोजना रेलवे की हरित ऊर्जा को अपनाने की मुहिम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य कार्बन उत्सर्जन को कम करना है।
रेलवे से मिला बड़ा ऑर्डर
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया, "यह परियोजना रेलवे की स्थायी परिवहन प्रणाली की दिशा में एक मजबूत कदम है, जो हमें देशभर में क्लीन एनर्जी के विस्तार में अग्रणी बनाती है।"
शेयर में उछाल
Servotech का शेयर NSE पर ₹129.80 के भाव पर फ्लैट खुला, लेकिन खबर के बाद इसमें तेजी आई और यह ₹134.49 के दिन के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया। हालांकि बाद में थोड़ी बिकवाली के चलते यह ₹131.20 पर ट्रेड करता दिखा।
4 साल में 5000% तक उछला शेयर
कंपनी के शेयरों ने बीते कुछ वर्षों में जबरदस्त रिटर्न दिया है। 3 सितंबर 2021 को यह शेयर केवल ₹2.52 का था, और अब यह ₹130 से ऊपर ट्रेड कर रहा है। सिर्फ पिछले 3 सालों में ही शेयर ने लगभग 1,200% का रिटर्न दिया है। हालांकि साल 2025 में अब तक 21% की गिरावट भी देखी गई है। Servotech ने बीते दो वर्षों में दो बार शेयर स्प्लिट किया है। इसमें फरवरी 2023 में ₹10 का शेयर 5 हिस्सों में, नया फेस वैल्यू ₹2 है। जुलाई 2023 में ₹2 का शेयर 2 हिस्सों में, नया फेस वैल्यू ₹1 है।
डिस्क्लेमर : यहां शेयर बाजार में निवेश की सलाह नहीं दी गई है। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
