Ray Dalio Principles of Investment : रे डेलियो को दुनिया के सबसे चर्चित निवेशकों में गिना जाता है। ब्रिजवाटर वाटर एसोसिएट्स (Bridgewater Associates) के संस्थापक डेलियो ने शेयर बाजार का सफर किसी बड़े फंड या भारी-भरकम पूंजी से शुरू नहीं किया था। उनकी पहली कमाई इतनी छोटी थी कि आज के हिसाब से शायद उस पर कोई खास ध्यान भी न दे। लेकिन उसी निवेश ने उन्हें बाजार के खेल में ऐसा खींचा कि आगे चलकर यही उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा जुनून बन गया।
कैसे शुरू किया अपना सफर?
डेलियो ने बताया है कि जब वह करीब 12 साल के थे, तब गोल्फ कोर्स पर कैडी का काम करते थे। उस समय वहां आने वाले लोगों के बीच शेयर बाजार की खूब चर्चा होती थी। उन्होंने अपनी कैडी से हुई कमाई से शेयर बाजार में पैसा लगाने का फैसला किया। पहला शेयर उन्होंने Northeast Airlines का खरीदा, क्योंकि वही एक ऐसी कंपनी थी जिसके शेयर उन्हें 5 डॉलर से कम कीमत पर मिल रहे थे। उनका तर्क बेहद सीधा था कि कम कीमत वाले शेयर ज्यादा संख्या में खरीदे जा सकते हैं, इसलिए कीमत बढ़ी तो फायदा ज्यादा होगा।
पहले निवेश का क्या हाल हुआ?
डेलियो ने जिस कंपनी के शेयर खरीदे थे, वह लगभग दिवालिया होने की स्थिति में पहुंच गई। सामान्य तौर पर यह निवेश खत्म होने की शुरुआत होती।लेकिन, नॉर्थईस्ट एयरलाइन्स (Northeast Airlines) को दूसरी कंपनी ने खरीद लिया और डेलियो के शेयरों की कीमत करीब 3 गुना हो गई। यह निवेश किसी शानदार विश्लेषण का नतीजा नहीं था, बल्कि काफी हद तक किस्मत का खेल था। डेलियो ने बाद में खुद माना कि उनका शुरुआती तर्क गलत था। लेकिन इस एक जीत ने उन्हें शेयर बाजार से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि इसके बाद वह इस “गेम” में पूरी तरह दिलचस्पी लेने लगे।
निवेश से कैसे बनते हैं अमीर?
रे डेलियो की अपनी कहानी के आधार पर ही बताते हैं कि अमीरी और निवेश के बीच एक माइंडसेट का फर्क सबसे बड़ा होता है। कुछ लोग बस अमीर बनने के लिए निवेश करते हैं। जबकि, कुछ लोग निवेश सीखते हैं और इस प्रक्रिया में अमीर बन जाते हैं। डेलियो के मुताबिक बाजार में टिकने के लिए आपको एक ऐसा सिस्टम विकसित करना होता है, जिसमें फैसले केवल उम्मीद, डर या लालच के आधार पर न लिए जाएं। उनके निवेश दर्शन में जोखिम को समझना, अलग-अलग परिसंपत्तियों में पैसा बांटना और आर्थिक परिस्थितियों के बदलने के असर को समझना बेहद अहम है।
डायवर्सिफिकेशन क्यों सबसे जरूरी?
रे डेलियो की निवेश फिलोसफी में डायवर्सिफिकेशन की सबसे अहम भूमिका है। उनका मानना है कि किसी एक शेयर, सेक्टर या ऐसट क्लास पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता पोर्टफोलियो को कमजोर कर सकती है। इसी सोच से जुड़ा उनका “All Weather” पोर्टफोलिया चर्चित हुआ। इसका मूल विचार यह है कि पोर्टफोलियो को इस तरह तैयार किया जाए कि अर्थव्यवस्था के अलग-अलग दौर जैसे- महंगाई, मंदी, तेज विकास या कमजोर विकास में अलग-अलग एसेट क्लास अपनी भूमिका निभा सकें। यानी सवाल सिर्फ यह नहीं होना चाहिए कि कौन-सा शेयर सबसे ज्यादा बढ़ेगा। सवाल यह भी होना चाहिए कि, अगर बाजार उम्मीद के विपरीत चला गया, तो पूरा निवेश कितना प्रभावित होगा।
बाजार को समझने के लिए इतिहास पर नजर
डेलियो निवेश को केवल कंपनियों के शेयर खरीदने-बेचने तक सीमित नहीं मानते। वह अर्थव्यवस्था को एक बड़ी मशीन की तरह देखते हैं। इसमें कर्ज, ब्याज दरें, महंगाई, उत्पादकता, राजनीति और वैश्विक शक्ति संतुलन जैसे कारक बाजार पर असर डालते हैं। उनका मानना है कि इतिहास को समझने से निवेशक उन पैटर्न को पहचान सकता, है जो अलग-अलग समय पर दोबारा सामने आते हैं। इसी वजह से वह आर्थिक और ऐतिहासिक चक्रों का अध्ययन करने पर जोर देते रहे हैं।
नुकसान को दुश्मन नहीं, शिक्षक मानें
रे डेलियो के सबसे चर्चित सिद्धांतों में एक है- “Pain + Reflection = Progress.” यानी दर्द और उस पर किया गया चिंतन आगे बढ़ने का रास्ता बन सकता है। उनके अनुसार गलती होना अपने आप में सबसे बड़ी समस्या नहीं है। असली समस्या तब होती है जब व्यक्ति गलती से कुछ सीखता नहीं। वह लगातार इस बात पर जोर देते हैं कि गलतियों के पैटर्न को पहचाना जाए, अपनी कमजोरियों को स्वीकार किया जाए और अगली बार बेहतर फैसला लेने के लिए सिस्टम बनाया जाए।
अमीर बनने से पहले सही निवेशक बनना जरूरी
रे डेलियो की कहानी को सिर्फ करोड़ों की दौलत से जोड़ना उनकी असली सीख को छोटा कर देता है। उनकी यात्रा बताती है कि शुरुआत छोटी हो सकती है, पहला फैसला गलत हो सकता है और पहली सफलता किस्मत से भी मिल सकती है। लेकिन लंबे समय तक सफल रहने के लिए ज्ञान, अनुशासन, जोखिम प्रबंधन और लगातार सीखने की जरूरत होती है। इसलिए निवेश का सबसे बड़ा “सीक्रेट” शायद कोई एक शेयर, कोई टिप या कोई जादुई फॉर्मूला नहीं है।
एक्सपर्ट व्यू : यह लेख निवेशक और Bridgewater Associates के संस्थापक रे डेलियो के निवेश विचारों और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध बयानों पर आधारित है।
डिस्क्लेमर : यह लेख केवल सामान्य जानकारी और शैक्षिक उद्देश्य के लिए है। इसे निवेश की सलाह, किसी शेयर या Asset Class को खरीदने-बेचने की सिफारिश या गारंटीड रिटर्न का दावा न माना जाए। निवेश करने से पहले अपनी जोखिम क्षमता और वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए योग्य वित्तीय सलाहकार से सलाह लें।
