शेयर बाजार में पिछले हफ्ते गिरावट रही। बता दें कि बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स कुल 639.61 अंक और एनएसई का मानक सूचकांक निफ्टी 171.55 अंक गिरकर बंद हुआ। इसका असर सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों के मार्केट कैप पर हुआ। सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से सात के बाजार पूंजीकरण में सामूहिक रूप से कुल 1.54 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई। इस दौरान सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ। यानी रिलायंस क शेयर में निवेश करने वाले निवेशकों को जोर का झटका लगा।
इन कंपनियों का मार्केट कैप घटा
बाजार में गिरावट के चलते रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार मूल्यांकन में गिरावट दर्ज की गई।
- रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 46,078.30 करोड़ रुपये घटकर 17,87,039.40 करोड़ रुपये रह गया।
- एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 33,333.06 करोड़ रुपये घटकर 11,46,641.84 लाख करोड़ रुपये पर आ गया।
- भारती एयरटेल की बाजार हैसियत भी 25,408.96 करोड़ रुपये कम होकर 11,14,886.53 करोड़ रुपये पर आ गई।
- टीसीएस का मूल्यांकन 22,920.58 करोड़ रुपये घटकर 8,15,480.75 करोड़ रुपये रहा।
- हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार पूंजीकरण में 13,169.46 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 5,04,210.54 करोड़ रुपये पर आ गया।
- बजाज फाइनेंस का बाजार मूल्यांकन भी 7,253.24 करोड़ रुपये घटकर 5,63,262.33 करोड़ रुपये रह गया।
- आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन भी 6,311.41 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 9,00,589.91 करोड़ रुपये रह गया।
इन कंपनियों में निवेशकों को हुआ फायदा
वहीं, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), लार्सन एंड टुब्रो और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का बाजार मूल्यांकन बढ़ गया। इस रुख के उलट लार्सन एंड टुब्रो की बाजार हैसियत पिछले सप्ताह 20,608.43 करोड़ रुपये बढ़कर 5,60,836.64 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इस दौरान एसबीआई का बाजार पूंजीकरण 13,753.62 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 8,89,831.54 रुपये रहा। एलआईसी की बाजार हैसियत भी 6,040.37 करोड़ रुपये बढ़कर 5,20,484.06 करोड़ रुपये हो गई।
गिरावट के बावजू रिलायंस शीर्ष पर कायम
इस उतार-चढ़ाव के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।
