IPO मार्केट में इस साल हलचल कम होने वाली नहीं है। केनरा रोबेको, हीरो मोटर्स समेत 6 कंपनियों को आईपीओ लाने की मंजूरी मिल गई है। पूंजी बाजार नियामक सेबी से जिन कंपनियों को IPO लाने की मंजूरी मिली है, उनमें पाइन लैब्स, ओर्कला इंडिया, मणिपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सॉल्यूशंस और एमवी फोटावोल्टिक पावर भी शामिल हैं। SEBI की वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना के मुताबिक, इन कंपनियों ने अप्रैल से जुलाई के बीच आईपीओ से संबंधित मसौदा दस्तावेज दाखिल किए थे। इन कंपनियों को सेबी ने दो से 12 सितंबर के बीच नियामकीय ‘टिप्पणियां’ मिलीं। नियामकीय भाषा में टिप्पणी मिलने का अर्थ सार्वजनिक निर्गम लाने की मंजूरी है।
हीरो मोटर्स करीब 1,200 रुपये जुटाएगी
केनरा रोबेको एएमसी का 4.98 करोड़ इक्विटी शेयरों का आईपीओ पूरी तरह खुली बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित होगा। इसमें प्रवर्तक केनरा बैंक 2.59 करोड़ और ओरिक्स कॉरपोरेशन यूरोप एनवी 2.39 करोड़ शेयर बेचेंगी। इससे प्राप्त राशि प्रवर्तकों को जाएगी और कंपनी को कोई धनराशि नहीं मिलेगी। हीरो मोटर्स आईपीओ के जरिये करीब 1,200 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसमें 800 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर और 400 करोड़ रुपये के शेयर ओएफएस के तहत बेचे जाएंगे।
इन कंपनियों ने मसौदा दस्तावेज दाखिल किए
टेमासेक और पीक एक्सवी पार्टनर्स द्वारा समर्थित कंपनी पाइन लैब्स का आईपीओ 2,600 करोड़ रुपये के नए शेयर निर्गम एवं 14.78 करोड़ से अधिक शेयरों के ओएफएस का मेल होगा। उधर, मणिपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सॉल्यूशंस ने सेबी के पास गोपनीय रूप से मसौदा दस्तावेज दाखिल किए हैं। सूत्रों का कहना है कि कंपनी करीब 1,200 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। खाद्य ब्रांड एमटीआर एवं ईस्टर्न का संचालन करने वाली कंपनी ओर्कला इंडिया शुद्ध ओएफएस मार्ग से पूंजी जुटाएगी। इसके तहत प्रवर्तक और अन्य मौजूदा शेयरधारक 2.28 करोड़ शेयर बेचेंगे। सभी छह कंपनियों के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे।
जेडी केबल्स का आईपीओ गुरुवार को खुलेगा
केबल और कंडक्टर बनाने वाली कंपनी जेडी केबल्स ने सोमवार को कहा कि उसका 95.99 करोड़ रुपये का आईपीओ 18 सितंबर को सार्वजनिक अभिदान के लिए खुलेगा। कंपनी ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के तहत मूल्य दायरा 144-152 रुपये प्रति शेयर तय किया है। आईपीओ 22 सितंबर को बंद होगा। जेडी केबल्स ने बयान में कहा कि एंकर निवेशकों के लिए बोली एक दिन के लिए बुधवार को खुलेगी। आईपीओ दस्तावेजों में 55.53 लाख से कुछ अधिक इक्विटी शेयरों की ताजा पेशकश की गई है। इसके अलावा मौजूदा प्रवर्तक 7.61 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश कर रहे हैं। निर्गम से मिली आय का इस्तेमाल कंपनी की कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं, ऋण चुकाने और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
