बिजनेस

पैसों की तंगी हो जाएगी खत्म! स्मार्ट बजटिंग का 50-30-20 फॉर्मूला आएगा आपके काम

How To Save Money From Salary: क्या आप महीने के अंत में अक्सर यह सोचते रह जाते हैं कि सारा पैसा कहां खर्च हो गया? अगर हां तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। पैसा बचाने के लिए आप 50-30-20 रूल को अपना सकते हैं।

Image

50-30-20 रूल क्या है (Photo: iStock)

How To Save Money From Salary: बढ़ती महंगाई के बीच पैसे कमाने के साथ बचत भी बेहद जरूरी है। कई लोग अच्छी कमाई तो करते हैं लेकिन अच्छी कमाई के बावजूद बचत नहीं कर पाते हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि उन्हें सही तरीके से बजट बनाना नहीं आता। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो ये जानकारी आपके लिए बेहद काम की साबित हो सकती है। पैसा बचाने के लिए आपको 50-30-20 रूल फॉलो करना चाहिए। इससे पहले आइए समझते हैं कि यह 50-30-20 रूल क्या है, जिसकी मदद से आप अपनी आय को सही ढंग से खर्च और बचत कर सकते हैं।

क्या है 50-30-20 रूल

50-30-20 रूल एक बजटिंग फॉर्मूला है, जिसमें महीने की कुल आय को तीन हिस्सों में बांटा जाता है। इसमें 50 प्रतिशत जरूरी खर्चों के लिए, 30 प्रतिशत अपनी जरूरतों और इच्छाओं के लिए और 20 प्रतिशत बचत या निवेश के लिए रखा जाता है।

50 प्रतिशत जरूरी खर्च (Needs)

आपकी आय का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा उन खर्चों के लिए होना चाहिए जो आपकी रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े होते हैं। इसमें घर का किराया, राशन, बिजली-पानी का बिल, बच्चों की फीस, ट्रांसपोर्ट और जरूरी मेडिकल खर्च शामिल होते हैं। यह वे खर्च हैं, जिन्हें टाला नहीं जा सकता।

30 प्रतिशत इच्छाओं के लिए (Wants)

पैसा कमाने के साथ केवल जरूरतें ही नहीं, बल्कि इच्छाएं भी पूरी होनी चाहिए। इसलिए अपनी आय का 30 प्रतिशत हिस्सा उन चीजों पर खर्च कर सकते हैं जो जरूरी तो नहीं होतीं, लेकिन जीवन को आरामदायक बनाती हैं। जैसे बाहर खाना खाना, फिल्म देखना, शॉपिंग करना, घूमने जाना या कोई शौक पूरा करना। इस हिस्से से आप अपनी लाइफ को थोड़ा एंजॉय कर सकते हैं।

20 प्रतिशत बचत और निवेश (Savings)

इस रूल का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा 20 प्रतिशत बचत है। अपनी आय का कम से कम 20 प्रतिशत हिस्सा बचत या निवेश के लिए जरूर अलग रखना चाहिए। इसे आप बैंक में जमा कर सकते हैं, फिक्स्ड डिपॉजिट, म्यूचुअल फंड या अन्य निवेश विकल्पों में लगा सकते हैं। यह पैसा भविष्य की जरूरतों और इमरजेंसी के समय काम आता है।

अगर आप बचत के लिए 50-30-20 रूल फॉलो करते हैं और इस नियम को नियमित रूप से अपनाते हैं तो धीरे-धीरे आपकी बचत बढ़ने लगेगी और भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा भी मिलेगी। सही बजट प्लानिंग के साथ आप अपनी कमाई का बेहतर इस्तेमाल कर सकते हैं और फाइनेंशियल रूप से मजबूत बन सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article