TCS Transfer Notices To Employees: हाल ही में देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस (TCS) ने कर्मचारियों को हर हफ्ते 5 दिन ऑफिस से काम करना अनिवार्य कर दिया था। उसके बाद कंपनी ने अपने कर्मचारियों को एक और झटका दिया है।
टीसीएस का कर्मचारियों को ट्रांसफर नोटिस
टीसीएस ने अपने 2000 से अधिक कर्मचारियों को अचानक से ट्रांसफर नोटिस भेजा है। आईटी कर्मचारियों के संगठन नैसेंट इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एम्प्लॉइज सीनेट (NITES) के मुताबिक टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने अलग-अलग लोकेशन पर 2,000 से अधिक कर्मचारियों को ट्रांसफर नोटिस भेजे हैं
15 दिन में करना होगा जॉइन
टीसीएस ने जिन कर्मचारियों को नोटिस भेजा है, उन्हें 15 दिनों के भीतर नई लोकेशन पर जॉइन करना होगा। इससे पहले हाल ही में टीसीएस ने कर्मचारियों को सप्ताह में पांच दिन ऑफिस से काम करना अनिवार्य किया था। उसके बाद अब ट्रांसफर नोटिस भेजे गए हैं।
ट्रेवल और एकोमोडेशन खर्च मिलेगा
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार कर्मचारियों को निर्धारित लोकेशनों पर जाने के लिए लगभग दो सप्ताह का समय दिया गया है। कंपनी की पॉलिसी के आधार पर कर्मचारियों को ट्रेवल और एकोमोडेशन खर्च दिया जाएगा। कर्मचारियों को ये ईमेल अगस्त के अंत से मिलना शुरू हुए थे।
लिया जाएगा एक्शन
यदि कोई कर्मचारी नोटिस का पालन नहीं करता तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में NITES ने श्रम और रोजगार मंत्रालय से संपर्क किया है और टीसीएस के फैसले को अनैतिक कहा है।
NITES ने कहा है कि उसे 180 शिकायतें मिली हैं कि टीसीएस ने 2,000 से अधिक कर्मचारियों को उचित सूचना या परामर्श के बिना विभिन्न शहरों में ट्रांसफर के लिए नोटिस भेजा है, जिससे उन्हें और उनके परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
