Diwali Bonus: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार को राज्य के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) में कार्यरत 'सी' और 'डी' श्रेणी के कर्मचारियों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा देते हुए बोनस और प्रोत्साहन राशि (एक्स ग्रेशिया) देने की घोषणा की है। इस घोषणा के तहत कर्मचारियों को कुल 20 प्रतिशत तक बोनस और प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
बोनस और प्रोत्साहन के लिए तय वेतन सीमा
राज्य सरकार की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, तमिलनाडु बोनस संशोधन अधिनियम, 2015 के तहत बोनस पाने की वेतन सीमा 21,000 रुपये मासिक और बोनस गणना के लिए अधिकतम मासिक वेतन 7,000 रुपये निर्धारित है। हालांकि, वित्त वर्ष 2024-25 के लिए बोनस एवं प्रोत्साहन की घोषणा करते समय इन सीमाओं में कुछ शिथिलता बरती गई है ताकि अधिक कर्मचारी इस लाभ के दायरे में आ सकें।
लाभ में चल रहे उद्यमों को अधिक लाभ
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक सरकार ने स्पष्ट किया है कि लाभ में चल रहे सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को कुल 20 प्रतिशत का लाभ मिलेगा, जिसमें 8.33 प्रतिशत बोनस और 11.67 प्रतिशत एक्स ग्रेशिया शामिल है। इनमें प्रमुख संस्थान जैसे:- तमिलनाडु उत्पादन एवं वितरण निगम (TANGEDCO),,तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम,,तमिलनाडु नागरिक आपूर्ति निगम (TNCSC) शामिल हैं।
अन्य उपक्रमों को मिलेगा कम प्रतिशत लाभ
वे उपक्रम जो लाभ में नहीं हैं या जिनके पास अधिशेष नहीं है, उनके कर्मचारियों को 8.33 प्रतिशत बोनस और केवल 1.67 प्रतिशत एक्स ग्रेशिया दिया जाएगा। इनमें शामिल हैं:- तमिलनाडु हाउसिंग बोर्ड, चेन्नई मेट्रोपोलिटन जल-आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड वहीं, तमिलनाडु जल-आपूर्ति एवं ड्रेनेज बोर्ड के कर्मचारियों को केवल 8.33 प्रतिशत बोनस मिलेगा।
अस्थायी कर्मचारियों को भी मिला लाभ
तमिलनाडु नागरिक आपूर्ति निगम में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों को 3,000 रुपये की एकमुश्त एक्स ग्रेशिया राशि दी जाएगी, जो उनके समर्पण और सेवा को मान्यता देने का प्रतीक है।
2.69 लाख कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
राज्य सरकार ने बताया कि इस योजना से कुल 2,69,439 कर्मचारियों को लाभ होगा और उनके खातों में कुल 376.01 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे। यह निर्णय कर्मचारियों की मेहनत और विभिन्न उपक्रमों के प्रदर्शन को मान्यता देने के उद्देश्य से लिया गया है।
