बिजनेस

इस स्कीम में सेविग अकाउंट से डबल ब्याज, तीन तरह से इनकम टैक्स में छूट

  • Authored by: प्रशांत श्रीवास्तव
  • Updated Feb 23, 2023, 05:12 PM IST

Sukyana Smridhi Account Benefits: सुकन्या समृद्धि अकाउंट पर 7.6 फीसदी सालाना की दर से ब्याज मिल रहा है। इसके तहत जहां निवेशक को सेविंग अकाउंट की तुलना में करीब दो गुना ब्याज मिलता है, बल्कि इनकम टैक्स में भी तीन तरह से छूट मिल जाती है। हालांकि इसके लिए लंबी अवधि का निवेश करना होता है।

Image

सुकन्या समृद्धि स्कीम के फायदे

Sukyana Smridhi Account Benefits: आज कल ब्याज दरों में बढ़ोतरी का दौर है। लेकिन ब्याज दरें आम तौर पर फिक्सड डिपॉजिट पर ही बढ़ रही हैं। ऐसे में अगर आप सेविंग अकाउंट से ज्यादा ब्याज कमाना चाहते हैं, तो सुकन्या समृद्धि योजना एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है। इसके तहत जहां निवेशक को सेविंग अकाउंट की तुलना में करीब दो गुना ब्याज मिलता है, बल्कि इनकम टैक्स में भी तीन तरह से छूट मिल जाती है। हालांकि इसके लिए आपको लंबी अवधि के लिए निवेश करना होगा।

कैसे करें निवेश

इस समय सुकन्या समृद्धि अकाउंट पर 7.6 फीसदी सालाना की दर से ब्याज मिल रहा है। जो बैंकों के सेविंग अकाउंट, एफडी (FD),आरडी (RD),एनएससी (NSC) और पीपीएफ (PPF) अकाउंट के मुकाबले ज्यादा है। ऐसे में निवेश का यह अच्छा विकल्प बन सकता है। योजना में हर साल कम से कम 250 रुपये और अधिकतम 1.50 लाख रुपये निवेश किया जा सकता है। निवेश का विकल्प मासिक आधार पर भी मौजूद है।

बेटी के उज्जवल भविष्य के लिए बेहतर

सुकन्या समृद्धि योजना के तहत केवल बेटी के नाम निवेश किया जा सकता है। इसमें बेटी की उम्र अधिकतम 10 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। साथ ही मैच्योरिटी अवधि 21 साल की है। यानी अगर आपकी बेटी की उम्र एक साल है तो स्‍कीम 22 साल में मैच्योर होगी। इसकी सबसे खास बात यह है कि आपको शुरुआती 15 साल ही निवेश करना होता है। वही बाकी 6 साल में जमा रकम पर स्‍कीम के तहत तय ब्याज मिलता रहता है।

मैच्योरिटी से पहले भी निकाल सकते हैं पैसा

बेटी की उम्र 18 साल होने पर शादी के लिए या फिर 10 वीं पास होने के बाद शिक्षा के लिए मैच्‍योरिटी अवधि के पहले 50 फीसदी रकम निकाली जा सकती है। इसके अलावा अकाउंट शुरू होने के 5 साल बाद अभिभावक की मौत होने, खाताधारक की अचानक मृत्यु या उसे गंभीर बीमारी होने या अकाउंट जारी रखने में असमर्थ होने पर भी पैसा निकाला जा सकता है। स्कीम EEE कैटेगरी में टैक्स फ्री है। यानी स्कीम के तहत इनकम टैक्‍स के सेक्शन 80 सी के तहत 1.50 लाख तक सालाना निवेश पर छूट, दूसरा इससे मिलने वाले रिटर्न पर टैक्‍स नहीं लगता है। वहीं मैच्योरिटी पर मिलने वाली रकम भी पूरी तरह टैक्स फ्री होती है।

प्रशांत श्रीवास्तव
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article