Stock market today: सोमवार को भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक BSE Sensex और Nifty50 हल्की बढ़त के साथ खुले। सेंसेक्स 74,365.51 अंकों पर था, जो 33 अंकों या 0.044% की बढ़त दर्शाता है, जबकि निफ्टी50 22,574.35 पर कारोबार कर रहा था, जो 22 अंकों या 0.097% की तेजी को दर्शाता है। सुबह 10 सेंसेक्स 323 पॉइंट की तेजी के साथ 74,655.73 पर ट्रेड कर रहा था। वहीं निफ्टी 92.60 (0.41%) की बढ़त के साथ 22,645.10 पर कारोबार कर रहा था।
लगातार तीन हफ्तों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार ने पिछले सप्ताह करीब 2% की बढ़त दर्ज की। वैश्विक और घरेलू सकारात्मक संकेतों के कारण निवेशकों का उत्साह बढ़ा, जिससे बाजार में मजबूती देखने को मिली। हालांकि, इस हफ्ते ट्रेडिंग सेशन कम होंगे, क्योंकि कुछ अवकाश पड़ रहे हैं, जिससे बाजार में हलचल सीमित रह सकती है।
किन चीजों पर रहेगी निवेशकों की नजर?
- वैश्विक व्यापार नीतियों पर चर्चा
- भू-राजनीतिक स्थितियों का असर
- अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव
FII की बिकवाली जारी, लेकिन रफ्तार घटी
Geojit Financial Services के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वी के विजयकुमार के अनुसार, भारत में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली मार्च की शुरुआत में जारी रही। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में इसकी गति धीमी होती दिखी है। उन्होंने कहा "1 जनवरी 2025 से 7 मार्च तक FII ने भारतीय बाजारों में कुल ₹1,37,354 करोड़ की बिकवाली की है, जबकि मार्च में अब तक ₹24,753 करोड़ के शेयर बेचे गए हैं।"
वैश्विक बाजारों में मिला-जुला रुख
अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए, फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल की सकारात्मक आर्थिक समीक्षा ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। एशियाई बाजार सोमवार को गिरावट के साथ खुले, अमेरिकी विकास दर को लेकर चिंताओं और चीन में गिरती महंगाई दर का असर दिखा। कच्चे तेल की कीमतें गिर गईं, क्योंकि अमेरिकी आयात शुल्क बढ़ने से वैश्विक विकास और ईंधन की मांग पर असर पड़ सकता है। सोने की कीमतों में हल्की बढ़त दर्ज की गई, कमजोर डॉलर और वैश्विक अनिश्चितताओं के चलते निवेशकों ने इसे सुरक्षित निवेश के रूप में चुना।
घरेलू निवेशक बाजार में डले हुए हैं
शुक्रवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने ₹2,035 करोड़ की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने ₹2,320 करोड़ के शेयर खरीदे। इसके अलावा, FII की कुल शॉर्ट पोजीशन ₹1.74 लाख करोड़ से बढ़कर ₹1.76 लाख करोड़ हो गई, जो बताता है कि वे अब भी बाजार में सतर्कता बरत रहे हैं।
डिस्क्लेमर : यहां शेयर बाजार में निवेश की सलाह नहीं दी गई है। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
