बिजनेस

Stock Market Closing Today : सेंसेक्स 81,000 के पार, निफ्टी में 157 अंकों की तेजी

Stock Market Closing Today : वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच धातु, जिंस और वाहन शेयरों में तेजी के चलते सोमवार को बीएसई सेंसेक्स लगभग 419 अंक बढ़कर 81,000 के स्तर के ऊपर बंद हुआ जबकि निफ्टी में 157 अंकों की तेजी रही।

Image

Stock Market Today (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Stock Market Closing Today : वैश्विक बाजारों में मजबूती के बीच सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 418.81 अंक यानी 0.52% बढ़कर 81,018.72 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 81,093.19 तक पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 157.40 अंक (0.64%) की बढ़त के साथ 24,722.75 पर बंद हुआ, जिसने कारोबार के दौरान 24,734.65 का उच्च स्तर छुआ।

धातु, जिंस और वाहन क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन

सेंसेक्स में टाटा स्टील, बीईएल, अदाणी पोर्ट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में बढ़त देखी गई। वहीं पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर गिरावट में रहे।

विश्लेषक की राय: अमेरिकी डॉलर कमजोर, वाहन क्षेत्र की बिक्री बढ़ी

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि घरेलू बाजार में धातु और वाहन क्षेत्रों के मजबूत प्रदर्शन से तेजी आई। अमेरिकी डॉलर की कमजोरी और वाहन क्षेत्र की अच्छी मासिक बिक्री तथा प्रमुख कंपनियों के उत्साहजनक तिमाही नतीजों ने निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ाई।

अमेरिकी आर्थिक संकेत और फेड की संभावित ब्याज दर कटौती

नायर ने कहा कि पहली तिमाही के नतीजे खपत आधारित कंपनियों के लिए सकारात्मक हैं। अमेरिका में बढ़ती बेरोजगारी और धीमे रोजगार सृजन के कारण फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना बढ़ी है। हालांकि, अमेरिकी टैरिफ की वजह से सावधानी बरतना जरूरी है।

एशियाई और यूरोपीय बाजारों का हाल

हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट सकारात्मक दायरे में बंद हुए, जबकि जापान का निक्की सूचकांक गिरावट में रहा। यूरोप के बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त के साथ चल रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार नकारात्मक थे।

तेल कीमतों में गिरावट और एफआईआई की बिकवाली

वैश्विक ब्रेंट क्रूड तेल की कीमतें 1.15% गिरकर 68.87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गईं। शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 3,366.40 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। पिछले शुक्रवार सेंसेक्स 585.67 अंक टूटकर 80,599.91 पर और निफ्टी 203 अंक गिरकर 24,565.35 पर बंद हुआ था।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article