Stock Market Today 14 May 2025: सोमवार की तेजी और मंगलवार की गिरावट के बाद आज बुधवार को फिर से शेयर बाजार में तेजी दिख रही है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में मजबूती है। सेंसेक्स 81148.22 के पिछले क्लोजिंग लेवल के मुकाबले 81,278.49 पर खुलकर 10 बजे 417.85 अंक या 0.51 फीसदी की मजबूती के साथ 81,566.07 पर है। वहीं निफ्टी 24578.35 के क्लोजिंग लेवल के मुकाबले 24,613.80 पर खुलकर इस समय 156.10 अंक या 0.64 फीसदी की मजबूती के साथ 24,734.45 पर है।
ये भी पढ़ें -
किन शेयरों में है तेजी और गिरावट
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से टाटा स्टील, भारती एयरटेल, इटर्नल (जिसे पहले जोमैटो कहा जाता था), टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सबसे अधिक तेजी है।
टाटा मोटर्स के शेयर में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट है। वहीं एशियन पेंट्स, नेस्ले और इंडसइंड बैंक के शेयर भी नुकसान में हैं।
एशियाई और अमेरिकी बाजार का हाल
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, शंघाई एसएसई कम्पोजिट तथा हांगकांग का हैंगसेंग फायदे में रहे जबकि जापान का निक्की 225 नुकसान में रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 66.25 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 476.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
घट गयी खुदरा महंगाई दर
गौरतलब है कि सब्जियों, फलों एवं दालों की कीमतों में नरमी आने से अप्रैल में खुदरा मुद्रास्फीति की दर घटकर करीब छह साल के निचले स्तर 3.16 प्रतिशत पर आ गई। इससे भारतीय रिजर्व बैंक के लिए जून की मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो दर में एक और कटौती की पर्याप्त गुंजाइश बन गई है।
मंगलवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित मुद्रास्फीति 3.16 प्रतिशत रही, जो जुलाई, 2019 के बाद का सबसे निचला स्तर है। जुलाई, 2019 में यह 3.15 प्रतिशत थी।
मार्च, 2025 में खुदरा मुद्रास्फीति 3.34 प्रतिशत और अप्रैल, 2024 में 4.83 प्रतिशत थी। (इनपुट - भाषा)
डिस्क्लेमर : यहां मुख्य तौर पर शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
