बिजनेस

Stock Market: IT स्टॉक में खरीदारी से सेंसेक्स मजबूत, नए शिखर पर निफ्टी

  • Edited by: Rohit Ojha
  • Updated Aug 28, 2024, 06:44 PM IST

Stock Market Today: बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित इंडेक्स सेंसेक्स लगातार सातवें दिन बढ़त के साथ बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी लगातार 10वें सत्र में बढ़त लेने में सफल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, एफआईआई ने मंगलवार को 1,503.76 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की खरीदारी की।

Image

शेयर बाजार।

Photo : BCCL

Stock Market Today: ग्लोबल लेवल पर अनुकूल रुझानों के बीच आईटी शेयरों में खरीदारी आने से शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। सेंसेक्स में जहां 70 अंक का लाभ रहा, वहीं निफ्टी मामूली बढ़त के साथ 25,052 के अपने नए ऑलटाइम हाई लेवल पर पहुंच गया। कारोबारियों ने कहा कि हाल ही में विदेशी पूंजी आने और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने भी निवेशकों की धारणों को मजबूती दी। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित इंडेक्स सेंसेक्स लगातार सातवें दिन बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 73.80 अंक यानी 0.09 प्रतिशत चढ़कर 81,785.56 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 327.5 अंक बढ़कर 82,039.26 अंक पर पहुंचा था।

निफ्टी में लगातार तेजी

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी लगातार 10वें सत्र में बढ़त लेने में सफल रहा। यह 34.60 अंक यानी 0.14 फीसदी बढ़कर 25,052.35 अंक के नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 111.85 अंक बढ़कर 25,129.60 अंक के अपने दिन के कारोबार के नए शिखर पर पहुंच गया था। सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल, इन्फोसिस, इंडसइंड बैंक, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और जेएसडब्ल्यू स्टील सबसे ज्यादा लाभ में रहीं।

इन शेयरों में गिरावट

दूसरी तरफ एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी, नेस्ले, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा कि बाजार कम अस्थिरता के साथ मजबूती के दौर में कदम रख चुका है और यह रुख निकट भविष्य में जारी रहने की संभावना है।

अमेरिका में गिरते बॉन्ड प्रतिफल ने विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली रोक दी है और वे लिवाल बन गए हैं। हालांकि, अगर एफआईआई खरीदारी जारी रखते हैं तो घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) बिकवाली कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रवृत्ति बाजार को थोड़े ऊपर की ओर झुकाव के साथ एक सीमा के भीतर रखेगी।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, एफआईआई ने मंगलवार को 1,503.76 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की खरीदारी की जबकि डीआईआई ने 604.08 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 13.65 अंक की मामूली बढ़त के साथ 81,711.76 अंक पर और निफ्टी 7.15 अंक बढ़कर 25,017.75 अंक पर लगभग सपाट बंद हुआ था।

Rohit Ojha
Rohit Ojhaauthor

<p>रोहित ओझा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉरस्पॉडेंट सितंबर 2023 से काम कर रहे हैं। यहां पर वो बिजेनस और यूटिलिटी की खबरों पर काम करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में पांच साल से अधिक का अनुभव। चुनावी खबरों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर फिलहाल स्टॉक मार्केट, इकोनॉमी और पर्सनल फाइनेंस की खबरों के साथ जारी है। डेस्क और फील्ड दोनों में ही काम करने का तजुर्बा। टाइम्स नाऊ नवभारत से पहले अलग-अलग मीडिया संस्थानों में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। अमर उजाला, टीवी9 हिंदी, इंडिया टीवी, आज तक जैसे मीडिया संस्थान में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। स्टॉक मार्केट और इकोनॉमी के साथ-साथ देश की सियासी घटनाओं पर लिखने का अनुभव है। 2019 के आम चुनाव से लेकर तमाम विधानसभा की चुनावी खबरों पर काम किया है। 2019 का क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल की खबरों पर भी काम किया है। किस्से-कहानियों में मन लगता है। शारदा यूनिवर्सिटी से मास-कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म किया है। गृह जनपद- बक्सर। साहित्य, सियासत और सिनेमा पर लिखना-पढ़ना खूब पसंद है।</p>

और पढ़ें
End of Article