Stock Market Rally Explained By Shankar Sharma : शेयर बाजार में आई तेजी से निवेशक खुश हैं। सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी के साथ विदेशी निवेशकों (FII) की खरीदारी भी लौटती दिखाई दे रही है। ऐसे में बाजार में एक बार फिर बुल रन की उम्मीदें बढ़ने लगी हैं। लेकिन क्या यह तेजी लंबे समय तक टिकने वाली है? क्या विदेशी निवेशकों ने वास्तव में भारतीय बाजार पर अपना भरोसा फिर से जता दिया है? दिग्गज निवेशक और मार्केट एक्सपर्ट शंकर शर्मा की बातों से इन सवालों का जवाब कुछ अलग निकलता है।
शेयर बाजार की रैली को लेकर चेताया
शंकर शर्मा के मुताबिक, भारतीय बाजार में मौजूदा रैली के पीछे विदेशी फंड्स का भारत की ग्रोथ स्टोरी पर अचानक बढ़ा भरोसा नहीं, बल्कि उनके पोर्टफोलियो में किया गया टैक्टिगल बदलाव है। ग्लोबल फंड्स पहले भारतीय शेयर बाजार में अपनी बेंचमार्क हिस्सेदारी से काफी कम निवेश कर रहे थे। अब वे इस अंतर को कम कर रहे हैं। ऐसे में मौजूदा तेजी को स्थायी तेजी मान लेना निवेशकों के लिए जल्दबाजी हो सकती है।
क्यों आई शेयर बाजार में अचानक तेजी?
Moneycontrol को दिए इंटरव्यू में शंकर शर्मा ने MSCI Emerging Markets Index में भारत की हिस्सेदारी का उदाहरण दिया। उनके मुताबिक, इस इंडेक्स में भारत का वेटेज करीब 11 फीसदी है, जबकि ज्यादातर ग्लोबल इमर्जिंग मार्केट फंड्स भारतीय शेयरों में करीब 8 फीसदी निवेश कर रहे थे। इसका मतलब है कि विदेशी फंड्स भारत में अपने बेंचमार्क वेटेज से लगभग 3 फीसदी कम निवेश कर रहे थे। फंड मैनेजर्स के लिए यह स्थिति लंबे समय तक बनाए रखना मुश्किल हो सकता है, क्योंकि भारतीय बाजार के बेहतर प्रदर्शन की स्थिति में उनका पोर्टफोलियो बेंचमार्क से पीछे रह सकता है। यही वजह है कि विदेशी फंड्स अब भारतीय शेयरों में अपना निवेश बढ़ा रहे हैं। इस खरीदारी से बाजार को सपोर्ट मिल रहा है और तेजी को गति मिल रही है।
30 अरब डॉलर की खरीदारी का कितना है मौका?
शंकर शर्मा ने ग्लोबल इमर्जिंग मार्केट फंड्स के कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) का आंकड़ा करीब 1 ट्रिलियन डॉलर बताया। उनके मुताबिक, अगर ये फंड भारत में अपना निवेश 8 फीसदी से बढ़ाकर 11 फीसदी करते हैं, तो करीब 30 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश भारतीय बाजार में आ सकता है। शर्मा के अनुसार, इस संभावित निवेश में से करीब 15-18 अरब डॉलर पहले ही भारतीय बाजार में आ चुके हैं। इसका अर्थ है कि विदेशी फंड्स की तरफ से खरीदारी की गुंजाइश अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। हालांकि, इस निवेश का आधार भारत के प्रति दीर्घकालिक भरोसा नहीं, बल्कि बेंचमार्क के मुकाबले पोर्टफोलियो को संतुलित करना भी हो सकता है।
क्या है इस रैली की एक्सपायरी डेट?
शंकर शर्मा की टिप्पणी में निवेशकों के लिए सबसे अहम संकेत यही है कि मौजूदा तेजी को हमेशा जारी रहने वाली रैली नहीं समझना चाहिए। उन्होंने विदेशी निवेशकों की खरीदारी को Tactical बताया है। यानी यह खरीदारी बाजार की परिस्थितियों और फंड मैनेजर्स की जरूरतों के हिसाब से हो रही है। हालांकि, शर्मा ने इस रैली के खत्म होने की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई है। उनकी बातों का संकेत यह है कि जब ग्लोबल फंड्स अपना अंडरवेट पोजिशन कम कर लेंगे और भारत का निवेश उनके बेंचमार्क के करीब पहुंच जाएगा, तब इस खास वजह से आने वाली अतिरिक्त खरीदारी का सपोर्ट घट सकता है।
कैसे पता चलेगा लगने वाला है झटका?
बाजार में झटका कब लगेगा, इसकी कोई निश्चित तारीख बताना संभव नहीं है। लेकिन शंकर शर्मा के विश्लेषण से कुछ संभावित जोखिम समझे जा सकते हैं। विदेशी फंड्स की खरीदारी धीमी पड़ना: जब ग्लोबल फंड्स अपना अंडरवेट पोजिशन कम कर लेंगे, तो अतिरिक्त खरीदारी का दबाव घट सकता है। ग्लोबल बाजारों में बदलाव दिखेगा। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में जोखिम लेने की प्रवृत्ति घटने पर विदेशी निवेशक उभरते बाजारों में अपना निवेश घटा सकते हैं। कंपनियों की कमाई में कमजोरी दिखने लगेगी।
रिटेल निवेशक अब क्या करें?
शंकर शर्मा की टिप्पणी रिटेल निवेशकों के लिए एक अहम सबक देती है। बाजार में तेजी देखकर सिर्फ FII खरीदारी के आधार पर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए। निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में शामिल कंपनियों की कमाई, कर्ज, वैल्यूएशन और भविष्य की कारोबारी संभावनाओं पर ध्यान देना चाहिए। तेजी के दौरान बिना सोचे-समझे महंगे शेयरों में पैसा लगाने से बचना चाहिए। जिन निवेशकों का नजरिया लंबी अवधि का है, उन्हें अपनी एसेट एलोकेशन और जोखिम उठाने की क्षमता के हिसाब से निवेश बनाए रखना चाहिए।
