बिजनेस

Stock Market: प्रॉफिट बुकिंग के चलते शुरुआती तेजी को बरकरार नहीं रख सका मार्केट, निफ्टी और सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ बंद

  • Edited by: Rohit Ojha
  • Updated Jul 29, 2024, 05:06 PM IST

Stock Market: इंडेक्स मजबूत खुला और अमेरिका में बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट के साथ एक समय कारोबार के दौरान 575.71 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,908.43 अंक पर चला गया था। लेकिन एफएमसीजी और आईटी शेयरों में मुनाफावसूली से तेजी कायम नहीं रह पाई।

Image

स्टॉक मार्केट में देखने को मिली प्रॉफिट बुकिंग

Photo : BCCL

Stock Market: भारतीय स्टॉक मार्केट में सोमवार को मामूली तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 23 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। कारोबार के दौरान दोनों इंडेक्स रिकॉर्ड ऊंचाई पर चले गए थे, लेकिन एफएमसीजी और आईटी शेयरों में मुनाफावसूली से तेजी कायम नहीं रह पाई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के इसी सप्ताह नीतिगत दर पर निर्णय से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 23.12 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ अबतक के उच्चतम स्तर 81,355.84 अंक पर बंद हुआ।

मुनाफावसूली

इंडेक्स मजबूत खुला और अमेरिका में बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट के साथ एक समय कारोबार के दौरान 575.71 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,908.43 अंक पर चला गया था। बाद में निवेशकों ने उच्चस्तर पर मुनाफावसूली को तरजीह दी। इससे सूचकांक नीचे आया। सेंसेक्स के 16 शेयर लाभ में जबकि 14 नुकसान में रहे।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 1.25 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की नाममात्र बढ़त के साथ 24,836.10 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 164.9 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ अपने उच्चतम स्तर 24,999.75 अंक तक चला गया था।

टॉप गेनर्स

सेंसेक्स के शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक, इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और सन फार्मा प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में भारती एयरटेल, टाइटन, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार में शुक्रवार को तेजी का रुख था।

अमेरिकी केंद्रीय बैंक पर नजर

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिका में व्यक्तिगत खपत व्यय के कम होकर 2.5 प्रतिशत रहने तथा 10 साल के बॉन्ड पर प्रतिफल में कमी से यह उम्मीद बंधी है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक सितंबर महीने में नीतिगत दर में कटौती कर सकता है। इससे वैश्विक स्तर पर तेजी आई। उन्होंने कहा कि हालांकि, घरेलू बाजार में मुनाफावसूली से बाजार स्थिर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुक्रवार को 2,546.38 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80.88 डॉलर प्रति बैरल रहा। बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 1,292.92 अंक उछलकर 81,332.72 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 428.75 अंक की बढ़त के साथ नए शिखर 24,834.85 अंक पर रहा था। (इनपुट-भाषा)

Rohit Ojha
Rohit Ojhaauthor

<p>रोहित ओझा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉरस्पॉडेंट सितंबर 2023 से काम कर रहे हैं। यहां पर वो बिजेनस और यूटिलिटी की खबरों पर काम करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में पांच साल से अधिक का अनुभव। चुनावी खबरों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर फिलहाल स्टॉक मार्केट, इकोनॉमी और पर्सनल फाइनेंस की खबरों के साथ जारी है। डेस्क और फील्ड दोनों में ही काम करने का तजुर्बा। टाइम्स नाऊ नवभारत से पहले अलग-अलग मीडिया संस्थानों में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। अमर उजाला, टीवी9 हिंदी, इंडिया टीवी, आज तक जैसे मीडिया संस्थान में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। स्टॉक मार्केट और इकोनॉमी के साथ-साथ देश की सियासी घटनाओं पर लिखने का अनुभव है। 2019 के आम चुनाव से लेकर तमाम विधानसभा की चुनावी खबरों पर काम किया है। 2019 का क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल की खबरों पर भी काम किया है। किस्से-कहानियों में मन लगता है। शारदा यूनिवर्सिटी से मास-कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म किया है। गृह जनपद- बक्सर। साहित्य, सियासत और सिनेमा पर लिखना-पढ़ना खूब पसंद है।</p>

और पढ़ें
End of Article