Stock market boom today: मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में दिन के निचले स्तर से तेज रिकवरी देखने को मिली, दोनों बेंचमार्क इंडेक्स आधे फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। भारतीय शेयर मार्केट को व्यापक बाजारों में तेजी का समर्थन मिला। सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 1,100 अंक से अधिक उछला। अंत में सेंसेक्स 694.39 अंक या 0.88 प्रतिशत बढ़कर 79,476.63 पर और निफ्टी 197.20 अंक या 0.82 प्रतिशत बढ़कर 24,192.50 पर बंद हुआ।
एफएमसीजी और मीडिया को छोड़कर अन्य सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त में बंद हुए, जिनमें बैंक, मेटल, ऑटो और ऑयल एवं गैस में 1-2 प्रतिशत की बढ़त रही। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक में 0.4 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
आज शेयर बाजार में टॉप बढ़त और गिरावट वाले शेयर
निफ्टी पर टॉप बढ़त में रहने वाले शेयरों में जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, बजाज ऑटो, एक्सिस बैंक शामिल हैं, जबकि गिरावट में रहने वाले शेयरों में कोल इंडिया, ट्रेंट, अडानी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स और आईटीसी शामिल हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव और और फेडरल रिजर्व की ब्याज दर रहे खास ट्रिगर
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम और फेडरल रिजर्व की ब्याज दर के निर्णय से पहले विदेशी फंडों की निरंतर निकासी और निवेशकों की सतर्क भावना के बीच आज सुबह के कारोबार में बेंचमार्क सूचकांक में गिरावट आई थी।
सभी की निगाहें अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव पर हैं और चुनाव नतीजों को लेकर अनिश्चितता के कारण वैश्विक स्तर पर इक्विटी बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अनिश्चितता के असर का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 4 नवंबर को इंट्रा-डे ट्रेडिंग के दौरान भारतीय बेंचमार्क सेंसेक्स में 1,500 अंकों तक की गिरावट आई।
