Hot Stocks Today: सोमवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट के बाद मंगलवार को रिकवरी होती दिख रही है। करीब साढ़े 10 बजे सेंसेक्स 618.20 पॉइंट्स या 0.78 फीसदी की तेजी के साथ 79,377.59 पर है, जबकि निफ्टी 199.35 अंक या 0.83 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 24,254.95 पर है। सेंसेक्स के जिन शेयरों में तेजी दिख रही है, उनमें टेक महिंद्रा, जेएसडब्लू स्टील, टाटा मोटर्स, एचसीएल टेक, लार्सन एंड टुब्रो और अडानी पोर्ट्स शामिल हैं।
ये भी पढ़ें -
किस शेयर में कितनी तेजी
- टेक महिंद्रा : 2.50 फीसदी
- जेएसडब्लू स्टील : 2.31 फीसदी
- टाटा मोटर्स : 1.98 फीसदी
- एचसीएल टेक : 1.91 फीसदी
- लार्सन एंड टुब्रो : 1.78 फीसदी
- अडानी पोर्ट्स : 1.76 फीसदी
ग्लोबल शेयर बाजार में हुई वापसी
अमेरिका में मंदी के संकट के बीच कल एशियाई बाजारों में भी गिरावट आई थी। आज जापान (निक्केई 225) और दक्षिण कोरिया (कोस्पी) के शेयर मार्केट ने अच्छी रिकवरी की है। शुरुआती कारोबार में इनमें 11 प्रतिशत तक की उछाल आई। भारतीय समय के अनुसार साढ़े 10 बजे निक्केई 225 8.77 फीसदी और कॉस्पी 3.77 फीसदी ऊपर है।
कल के सत्र में इनमें भारी गिरावट आई थी, जबकि अमेरिकी शेयर बाजार में कल भी गिरावट दर्ज की गई।
निवेशकों में चिंता
अमेरिका में मंदी की आशंका ने निवेशकों को चिंतित कर दिया है। वहीं येन कैरी ट्रेड्स में कमी, ईरान द्वारा कभी भी इजरायल पर हमला किए जाने की आशंका, भारत में निराशाजनक तिमाही नतीजे और हाई वैल्यूएशन ने उथल-पुथल को और बढ़ा दिया है। अमेरिकी मार्केट कल रात 3 प्रतिशत तक गिरकर बंद हुए।
डिस्क्लेमर : यहां मुख्य तौर पर शेयरों में तेजी रिटर्न की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
