Sri Lotus Developers Share Price: बुधवार का दिन घरेलू शेयर बाजार के लिए भले ही उतार-चढाव का हो लेकिन आईपीओ के लिए आज का दिन शानदार साबित होता दिख रहा है। दरअसल, बॉलीवुड के सुपरस्टार्स शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन की हिस्सेदारी वाली श्री लोटस डेवलपर्स लिमिटेड (Sri Lotus Developers Ltd) ने बुधवार, 6 अगस्त को शेयर बाजार में जबरदस्त एंट्री की। कंपनी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 150 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 19.40 फीसदी प्रीमियम के साथ 179.10 रुपये पर लिस्ट हुए। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर इसकी लिस्टिंग 178 रुपये पर हुई, जो 18.67 फीसदी प्रीमियम दर्शाता है।
Pic Credit: Instagram
लिस्टिंग के बाद शेयर का हाल
लिस्टिंग के तुरंत बाद शेयर में मामूली उतार-चढ़ाव देखा गया। सुबह 10:01 बजे BSE पर यह शेयर 0.47 फीसदी गिरकर 178.25 रुपये पर ट्रेड कर रहा था, जबकि NSE पर यह करीब 0.25 फीसदी की तेजी के साथ 180.30 रुपये पर पहुंच गया। इस वक्त कंपनी का कुल मार्केट कैप 8,753 करोड़ रुपये के आसपास था।
आईपीओ को कैसा मिला रिस्पॉन्स
इस आईपीओ को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। श्री लोटस डेवलपर्स के 792 करोड़ रुपये के इस इश्यू को कुल 74.10 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की कैटेगरी में इसे 175.61 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) सेगमेंट में 61.82 गुना और रिटेल निवेशकों के बीच 21.77 गुना सब्सक्राइब किया गया।
कंपनी के आईपीओ का प्राइस बैंड 140 रुपये से 150 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। रिटेल निवेशकों को कम से कम एक लॉट में 100 शेयर खरीदने थे, जिसकी न्यूनतम कीमत 15,000 रुपये थी। वहीं, उच्च श्रेणी के निवेशकों यानी SNIIs के लिए यह सीमा 1,400 शेयरों (2.1 लाख रुपये) की थी और BNIIs के लिए 6,700 शेयरों (10.05 लाख रुपये) की।
ग्रे मार्केट का हाल
आईपीओ की लिस्टिंग से पहले इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 27 रुपये तक पहुंच गया था। यानी निवेशकों को पहले से ही लगभग 18% लिस्टिंग गेन की उम्मीद थी, जो हकीकत में भी देखने को मिला।
शाहरुख़-अमिताभ का भी लगा है पैसा
कंपनी के CEO आनंद पंडित हैं, जो एक फिल्म निर्माता भी हैं। यही वजह है कि इस कंपनी में कई बॉलीवुड सितारों ने निवेश किया है। अमिताभ बच्चन के पास 6,66,670 शेयर हैं, जिनकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। शाहरुख खान ने भी कंपनी में 6,75,000 शेयर खरीद रखे हैं, जिनकी कीमत 10.1 करोड़ रुपये के आसपास है। ऋतिक रोशन के पास 70,000 शेयर हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बनती है। इनके अलावा अजय देवगन, एकता कपूर, सारा अली खान, टाइगर श्रॉफ और राजकुमार राव जैसे सितारों ने भी इस रियल एस्टेट कंपनी में पैसा लगाया है।
