बिजनेस

सोने का भाव आज का 26 अक्टूबर 2025: सोना-चांदी के ताजा रेट, जानें 24K, 23K, 22K, 18K, 14K सोने के दाम

इन दिनों सोने और चांदी की कीमतों में काफी उथल-पुथल मचा हुआ है। इनकी कीमतों पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का भी असर पड़ता है। आज जानते हैं दिल्ली, मुंबई समेत देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के ताजा रेट क्या हैं। साथ ही जानिए आज चांदी का भाव क्या चल रहा है।

Image

छठ पूजा पर सोना-चांदी का ताजा भाव जानिए (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

भारत में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी होने के बाद अब दोनों की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिली रही है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट सोने के दाम घटकर 1,21,518 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं चांदी की कीमत घटकर 1,47,033 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। चूंकि शनिवार और रविवार को बाजार बंद है, इसलिए दोनों दिन यही भाव मान्य रहेगा। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक दिल्ली में सोने की कीमतें गिरकर 1,25,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं। चांदी की कीमतें भी गिरकर 1,52,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गईं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना टूटकर 4,087.55 डॉलर प्रति औंस रह गया। चांदी टूटकर 48.12 डॉलर प्रति औंस रह गई। उधर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सोने के वायदा भाव में गिरावट हुई, यह घटकर 1,22,995 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की कीमतों में भी गिरावट आई। यह घटकर 1,45,829 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। अब IBJA के अनुसार 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के ताजा भाव जानिए।

आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)

  • सोना 24 कैरेट: 121518 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • सोना 23 कैरेट: 121031 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • सोना 22 कैरेट: 111310 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • सोना 18 कैरेट: 91139 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • सोना 14 कैरेट: 71088 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • चांदी 999 : 147033 रुपये प्रति किलोग्राम

पिछले दिन क्या रहे सोना के भाव

अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने कहा कि दिवाली उत्सव के बीच चार दिनों तक कारोबार बंद रहने के बाद दिल्ली के सर्राफा बाजार में कारोबारी गतिविधियां शुक्रवार को फिर से शुरू हो गईं। सर्राफा संघ के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोर रुझान के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमतें गिरकर 1,25,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले (24 कैरेट) सोने की कीमत 18 अक्टूबर को 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला (23 कैरेट) सोना टूटकर 1,25,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गया। शनिवार को यह 1,31,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

पिछले दिन क्या रहे चांदी के भाव

स्थानीय सर्राफा बाजार में शुक्रवार को चांदी की कीमतें भी गिरकर 1,52,600 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गईं। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार सोने-चांदी के भाव

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पिछले सत्र में 0.67 प्रतिशत बढ़ने के बाद शुक्रवार को हाजिर सोना 38.47 डॉलर यानी 0.93 प्रतिशत टूटकर 4,087.55 डॉलर प्रति औंस रह गया। विदेशी बाजारों में चांदी हाजिर 1.66 डॉलर टूटकर 48.12 डॉलर प्रति औंस रह गई।

सोना का वायदा भाव

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में दिसंबर आपूर्ति वाले कॉन्ट्रैक्ट में सोने का भाव 1,109 रुपये या 0.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,22,995 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 12,958 लॉट के लिए कारोबार हुआ। फरवरी 2026 में आपूर्ति वाले सोने के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 1,075 रुपये यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,24,200 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। इसमें 2,239 लॉट का कारोबार हुआ।

चांदी का वायदा भाव

चांदी की कीमतों में भी गिरावट आई। दिसंबर में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा अनुबंधों की कीमत 2683 रुपये या 1.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,45,829 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इसमें 21,080 लॉट के लिए कारोबार हुआ। इसी तरह, मार्च 2026 में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा अनुबंधों की कीमत 2,206 रुपये या 1.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,47,878 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इसमें 5,250 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

कॉमेक्स पर सोने-चांदी का वायदा भाव

वैश्विक स्तर पर दिसंबर में आपूर्ति वाले कॉमेक्स सोने का वायदा भाव 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,124.99 डॉलर प्रति औंस हो गया। चांदी का वायदा भाव 1.06 प्रतिशत टूटकर 48.19 डॉलर प्रति औंस रहा।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि शुक्रवार को सोने को मजबूती का रुख बनाए रखने के लिए संघर्ष करना पड़ा क्योंकि बाजार तेजी के रुख के बाद तकनीकी सुधार के दौर में आ गया। सप्ताह की शुरुआत में तेज बिकवाली के बाद व्यापारी सतर्क रहे और ताजा लिवाली से बचते नजर आये। गांधी ने कहा कि भारत में कई बाजार त्योहारी छुट्टियों के मौसम में बंद हैं, और दिवाली त्योहार खत्म होने के बाद, दुनिया के दूसरे सबसे बड़े सोने के उपभोक्ता भारत में मांग में गिरावट आने की उम्मीद है।

अमेरिकी डॉलर में मजबूती और अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता में प्रगति को लेकर आशावाद के बीच कारोबारियों ने हालिया तेजी के बाद मुनाफावसूली की जिससे शुक्रवार को वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article