जानिए सोना -चांदी का आज का रेट क्या है? (तस्वीर-istock)
Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 24 August 2025 : सोने-चांदी की कीमतों में फिर बदलाव हुए। लगातार कई दिनों तक गिरावट के बाद फिर कीमतों में बढ़ोतरी हुई। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार बाजार बंद होने तक 24 कैरेट के सोने की कीमत बढ़कर 99358 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर 113931 रुपये प्रति किलो हो गई। शनिवार और रविवार को बाजार बंद है, ये दोनों दिन यह भाव रहेगा। आगे जानिए 24, 23, 22, 18 और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं।
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने बताया कि कमजोर वैश्विक रुख के बीच शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 250 रुपये गिरकर 1,00,370 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत गुरुवार को 1,00,620 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना शुक्रवार को 150 रुपये गिरकर 1,00,050 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स समेत) रह गया। पिछले सत्र में यह 1,00,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। हालांकि, शुक्रवार को चांदी की कीमतें 1,000 रुपये बढ़कर 1,15,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स समेत) हो गईं। सर्राफा संघ के अनुसार, बृहस्पतिवार को चांदी 1,14,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में हाजिर सोना 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,330.48 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। हाजिर चांदी भी 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 37.96 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक ऑग्मोंट की शोध प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा कि सोने और चांदी की कीमतें एक सीमित दायरे में बनी हुई हैं जहां जैक्सन हॉल संगोष्ठी में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख्पा जेरोम पावेल के संबोधन से पहले व्यापारी महत्वपूर्ण उतार-चढ़ाव का इंतजार कर रहे हैं, जिससे मौद्रिक नीति के रुख के बारे में संकेत मिल सकते हैं। मिराए एसेट शेयरखान के प्रमुख -जिंस और मुद्रा प्रवीण सिंह के अनुसार, सितंबर में ब्याज दर में कटौती की पूरी संभावना है, क्योंकि अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर मिले-जुले संकेतों के कारण फेडरल रिजर्व के चेयरमैन पावेल इसे आंकड़ों पर निर्भर बना सकते हैं।
कमजोर हाजिर मांग के बीच वायदा कारोबार में सोने का भाव शुक्रवार को 213 रुपये की गिरावट के साथ 99,222 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में अक्टूबर में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों का भाव 213 रुपये या 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99,222 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 13,588 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने सोने की कीमतों में गिरावट का कारण कमजोर वैश्विक संकेतों को बताया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,327.17 डॉलर प्रति औंस रहा।
वायदा बाजार में प्रतिभागियों के अपना दांव बढ़ाने से चांदी की वायदा कीमत शुक्रवार को 183 रुपये की तेजी के साथ 1,13,523 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में सितंबर में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों की कीमत 183 रुपये या 0.16 प्रतिशत बढ़कर 1,13,523 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इसमें 14,778 लॉट का कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने बताया कि प्रतिभागियों के ताजा सौदे करने से चांदी की कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38.01 डॉलर प्रति औंस रही।