बिजनेस

मई में 14.9 लाख SIP अकाउंट हुए बंद, इसके बावजूद रिकॉर्ड निवेश, जानें कैसे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 19, 2023, 05:45 PM IST

SIP Account Performance In May: अप्रैल में हल्की गिरावट के साथ एसआईपी में निवेश 13,728 करोड़ रुपये रहा, जो मई में 14,749 करोड़ रुपये के नए उच्चस्तर पर पहुंचा था। इसके पहले मार्च में यह 14,276 करोड़ रुपये था।मई में निवेश बढ़ने से एसआईपी की प्रबंधन के अधीन संपत्तियां (एयूएम) पांच प्रतिशत बढ़कर 7.53 लाख करोड़ रुपये हो गई।

Image

SIP में 14 हजार करोड़ से ज्यादा का निवेश

SIP Account Performance In May:म्यूचुअल फंड योजनाओं में SIP के जरिये होने वाले निवेश में मजबूती रहने के बावजूद बंद होने वाले एसआईपी खातों की संख्या मई में मासिक आधार पर 7.4 प्रतिशत बढ़कर 14.19 लाख हो गई।हालांकि, नए एसआईपी खातों का पंजीकरण भी अप्रैल के 19.56 लाख से बढ़कर मई में 24.7 लाख हो गया। इस तरह पिछले महीने पांच लाख से अधिक नए खातों का पंजीकरण हुआ।म्यूचुअल फंड उद्योग के शीर्ष निकाय 'एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया' (एएमएफआई) के आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई है।

लोग हर महीने ज्यादा कर रहे हैं निवेश

एसबीआई म्यूचुअल फंड के उप प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कारोबार अधिकारी डी पी सिंह ने कहा कि बंद होने वाले खातों की तुलना में नए एसआईपी खातों की अधिक संख्या इस निवेश माध्यम में निवेशकों के सतत विश्वास को दर्शाती है।उन्होंने कहा कि एसआईपी खातों को बंद करने की सुविधा ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध होने की वजह से संभवतः पुराने खातों को निरस्त करने की संख्या बढ़ी है।

इस बीच, निवेशकों ने म्यूचुअल फंड में अपना पैसा लगाना जारी रखा है। अप्रैल में हल्की गिरावट के साथ एसआईपी में निवेश 13,728 करोड़ रुपये रहा, जो मई में 14,749 करोड़ रुपये के नए उच्चस्तर पर पहुंचा था। इसके पहले मार्च में यह 14,276 करोड़ रुपये था।मई में निवेश बढ़ने से एसआईपी की प्रबंधन के अधीन संपत्तियां (एयूएम) पांच प्रतिशत बढ़कर 7.53 लाख करोड़ रुपये हो गईं, जबकि अप्रैल में 7.17 लाख करोड़ रुपये थी।पुराने खातों के बंद होने के बीच एसआईपी प्रवाह बढ़ने का मतलब है कि नए निवेशक औसत निवेश की तुलना में अधिक राशि का निवेश कर रहे हैं।

पूरे साल में एक करोड़ से ज्यादा खाते बंद

आंकड़ों के अनुसार, बंद या परिपक्व होने वाले एसआईपी खातों की संख्या अप्रैल में 13.21 लाख से बढ़कर मई में 14.19 लाख हो गई।कुल मिलाकर, वित्त वर्ष 2022-23 में 1.43 करोड़ एसआईपी बंद किए गए या परिपक्व हो गए। यह संख्या वित्त वर्ष 2021-22 में 1.11 करोड़ एसपीआई की थी।इसके अलावा, इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं का एयूएम मई में मासिक आधार पर 4.5 प्रतिशत बढ़कर 16.56 लाख करोड़ रुपये हो गई। इक्विटी योजना की बिक्री मासिक आधार पर 21 प्रतिशत बढ़कर 34,100 करोड़ रुपये हो गई।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article