पूरे दिन की उतार-चढ़ाव के बाद आज शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार क्लोजिंग लाल निशान पर हुई। सेंसेक्स 344 अंकों की गिरावट के साथ 84,203.69 के स्तर पर बंद हुआ। इस दबाव के पीछे मुख्य कारण मुनाफावसुली रही, क्योंकि निवेशकों ने हालिया तेजी के बाद अपने लाभ को सुरक्षित करने के लिए शेयर बेचे। इसके साथ ही पिछले छह दिनों से जारी तेजी के सिलसिले पर भी विराम लग गया। इस गिरावट के पीछे मुख्य कारण ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली और विदेशी निवेशकों की बिकवाली रहे, जिससे बाजार का सेंटीमेंट कमजोर दिखा। बैंकिंग और मेटल सेक्टर में बिकवाली ने भी इंडेक्स को नीचे खींचा।
गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार लगातार छठे दिन बुल रन में रहा और हरे निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 130 अंक ऊपर 84,556 पर और निफ्टी 22 अंक की बढ़त के साथ 25,891 पर बंद हुआ।
बाजार के टॉप गेनर्स और लूजर्स
बीएसई का मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स शुक्रवार को फ्लैट कारोबार कर रहा है। निफ्टी पर इस समय हिंडाल्को, आईसीआईसीआई बैंक, ओएनजीसी, श्रीराम फाइनेंस और टाटा स्टील सबसे अधिक लाभ में नजर आ रहे हैं। वहीं, सिप्ला, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, टाइटन कंपनी और टेक महिंद्रा नुकसान में हैं। सेक्टोरल इंडेक्स में मेटल इंडेक्स में 1% की बढ़त रही, जबकि एफएमसीजी इंडेक्स में लगभग 1% की गिरावट दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों का हाल
डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग की बैठक की पुष्टि के बाद एशियाई बाजारों में शुक्रवार को तेजी रही। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1.18% बढ़ा, जबकि टॉपिक्स इंडेक्स में 0.39% की वृद्धि हुई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.58% और कोस्डैक 0.92% बढ़ा। हांगकांग का हैंग सेंग फ्यूचर्स भी मजबूत शुरुआत का संकेत दे रहा था।
गिफ्ट निफ्टी के संकेत
निफ्टी फ्यूचर्स में गिफ्ट निफ्टी 26,033 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से लगभग 56 अंक का प्रीमियम दर्शाता है। यह भारतीय शेयर बाजार के सूचकांकों के लिए सकारात्मक शुरुआत का संकेत देता है।
वॉल स्ट्रीट का हाल
अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को मिश्रित कॉर्पोरेट आय के बीच प्रौद्योगिकी शेयरों के नेतृत्व में मजबूत बंद हुआ। डॉउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 144.20 अंक या 0.31% बढ़कर 46,734.61 पर बंद हुआ, जबकि एसएंडपी 500 39.03 अंक या 0.58% बढ़कर 6,738.43 पर और नैस्डैक कंपोजिट 201.40 अंक या 0.89% बढ़कर 22,941.80 पर बंद हुआ।
