Share Market Today : घरेलू शेयर बाजार ने मंगलवार को कमजोरी के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में निवेशकों ने मुनाफावसूली दिखाई, जिसका सबसे ज्यादा असर बैंकिंग और ऑटो शेयरों पर पड़ा। शुरुआती कारोबार में ही Sensex 500 अंंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 77,063.41 तक फिसल गया। वहीं, Nifty 130 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 24,050.55 अंक तक फिसल गया। हालांकि गिरते बाजार में भी आईटी, फार्मा और एफएमसीजी सेक्टर में खरीदारी देखने को मिली, जिससे बाजार की गिरावट कुछ हद तक सीमित रही।
शुरुआत से ही दबाव में दिखा बाजार
बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव दिखा। निफ्टी ने 24,068 के स्तर पर शुरुआत की और कुछ देर के लिए 24,145 तक पहुंचा, लेकिन ऊपरी स्तरों पर खरीदारी टिक नहीं सकी। दूसरी ओर सेंसेक्स भी 77,272 पर खुला और जल्द ही 77,063 तक फिसल गया। इससे साफ संकेत मिला कि निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए हैं और ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली जारी है।
बैंकिंग और ऑटो शेयरों ने बढ़ाया दबाव
आज की गिरावट में सबसे बड़ा योगदान बैंकिंग और ऑटो शेयरों का रहा। ऑटो सेक्टर में 1.05 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। इसके अलावा फाइनेंशियल सर्विसेज 0.73 प्रतिशत, बैंक 0.61 प्रतिशत, पीएसयू बैंक 0.69 प्रतिशत और प्राइवेट बैंक 0.57 प्रतिशत नीचे हैं। इनके अलावा
ऑयल एंड गैस भी 0.36 प्रतिशत नीचे है। इन सेक्टरों में बिकवाली की वजह से निफ्टी और सेंसेक्स दोनों पर दबाव बना रहा।
आईटी, फार्मा और FMCG में मजबूती
गिरते बाजार में भी कुछ सेक्टर निवेशकों की पसंद बने रहे। खासतौर पर लंबे समय से बिकवाली का सामना कर रहे IT Sector में 0.57 प्रतिशत की तेजी है। इसके अलावा फार्मा इंडेक्स 0.57 प्रतिशत, हेल्थकेयर 0.59 प्रतिशत और FMCG इंडेक्स 0.41 फीसदी तेजी में है। इससे संकेत मिलता है कि अनिश्चित माहौल में निवेशक डिफेंसिव सेक्टरों और निर्यात आधारित कंपनियों की ओर रुख कर रहे हैं।
मिडकैप और स्मॉलकैप में भी बिकवाली
गिरावट केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रही। निफ्टी मिडकैप 100 में 0.21 फीसदी की गिरावट आई है। निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.41 फीसदी,
निफ्टी 500 में 0.32 फीसदी की गिरावट है।
India Vix में उछाल से बढ़ी हलचल
बाजार की घबराहट मापने वाला इंडिया वीआईएक्स करीब 3 प्रतिशत बढ़कर 13.67 पर पहुंच गया। VIX में तेजी का मतलब है कि आने वाले कारोबारी सत्रों में बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है। ऐसे माहौल में निवेशक आमतौर पर सतर्क रणनीति अपनाते हैं। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपया करीब 0.86 प्रतिशत कमजोर होकर 96.15 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
