बिजनेस

Share Market Today: सेंसेक्स में 742 अंकों की तेजी, निवेशकों को मिला दिवाली बोनस, एक दिन में 3.28 लाख करोड़ का फायदा

Share Market News Today (आज का शेयर बाजार), 15 November 2023: मंगलवार को शेयर बाजार बंद होने पर बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों की कुल मार्केट कैपिटल 3,22,10,588.70 करोड़ रु थी, जो आज शेयर बाजार की क्लोजिंग पर 3,25,39,529.75 करोड़ रु रही।

Image

शेयर बाजार में तेजी

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • शेयर बाजार में भारी तेजी
  • सेंसेक्स 742 अंक उछला
  • निफ्टी 232 अंक चढ़ा

Share Market News Today, 15 November 2023: सभी सेक्टरों में खरीदारी के बीच, भारतीय शेयर बाजार (Stock Market) ने पिछले कई सत्रों के नुकसान को खत्म कर दिया और 15 नवंबर को ये भारी तेजी के साथ बंद हुआ।

शेयर बाजार बंद होने पर सेंसेक्स (Sensex) 742.06 अंक या 1.14 प्रतिशत चढ़कर 65,675.93 पर रहा, जबकि निफ्टी 232 अंक या 1.19 प्रतिशत उछलकर 19,675.50 पर रहा। निफ्टी 19 अक्टूबर के बाद पहली बार 19,600 को पार करने में कामयाब रहा। आज आई तेजी से निवेशकों को लाखों करोड़ का फायदा हुआ।

कितना हुआ निवेशकों को फायदा

मंगलवार को शेयर बाजार बंद होने पर बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों की कुल मार्केट कैपिटल 3,22,10,588.70 करोड़ रु थी, जो आज शेयर बाजार की क्लोजिंग पर 3,25,39,529.75 करोड़ रु रही। यानी निवेशकों को आज 328941.05 करोड़ रु का फायदा हुआ। इसे निवेशकों के लिए दिवाली का बोनस कहा जा सकता है।

किन शेयरों में आई तेजी

निफ्टी पर आज आयशर मोटर्स, टेक महिंद्रा, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स और इंफोसिस तेजी वाले शेयरों में रहे। जबकि नुकसान में रहने वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और इंडसइंड बैंक शामिल रहे।

किस सेक्टर में आई कितनी तेजी

कैपिटल गुड्स, ऑटो, मेटल, आईटी, तेल एवं गैस और रियल्टी में 1-3 प्रतिशत की बढ़त आई। बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में 1 फीसदी की तेजी आई।

डिस्क्लेमर : यहां मुख्य तौर पर शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article