Share Market Today : आज भारतीय शेयर बाजार पर क्रूड और रुपये का असर दिख रहा है। शुरुआती कारोबार में मार्केट ब्रेड्थ मजबूत बनी हुई है, जो बाजार में व्यापक खरीदारी को दिखा रही है। हालांकि, बेंचमार्क इंडेक्स Sensex और Nifty आज रेंज बाउंड कारोबार कर रहे हैं। इसके पीछे Nifty की वीकली एक्सपायरी बड़ी वजह मानी जा रही है। भले ही सेंसेक्स और निफ्टी सपाट कारोबार कर रहे हैं। लेकिन बाजार की अंदरूनी तस्वीर काफी मजबूत नजर आई। निफ्टी करीब 24,216 और सेंसेक्स 77,708 के आसपास कारोबार करते दिखे। वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और डॉलर के मुकाबले रुपये की मजबूती ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। हालांकि, डेरिवेटिव्स एक्सपायरी से पहले मुनाफावसूली और सतर्क कारोबार के चलते प्रमुख सूचकांक सीमित दायरे में बने रहे।
पहली नजर में बाजार भले ही कमजोर दिखा, लेकिन अधिकांश शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। यही वजह रही कि बाजार की चौड़ाई (मार्केट ब्रेड्थ) सकारात्मक रही। NSE पर 2,681 शेयर में कारोबार हो रहा है। इनमें सें 1,782 में मजबूती है, जबकि 801 शेयरों में बिकवाली है। यानी गिरने वाले हर एक शेयर पर दो से ज्यादा शेयर बढ़त में रहे। इससे साफ है कि निवेशकों का रुझान मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों की ओर बना हुआ है। इसी तरह BSE पर भी बाजार की तस्वीर सकारात्मक है।
BSE पर 3,191 में से 1,916 शेयरों में मजबूती है, जबकि 1,119 में बिकवाली हो रही है।
क्रूड में नरमी बनी राहत की वजह
पिछले कुछ दिनों से ऊंची तेल कीमतों को लेकर चिंता बनी हुई थी। हालांकि मंगलवार को ब्रेंट क्रूड में नरमी देखने को मिली और यह करीब 88.49 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। इससे आयात लागत और महंगाई को लेकर चिंता कुछ कम हुई। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल आयात करता है। ऐसे में तेल की कीमतों में नरमी बाजार के लिए सकारात्मक संकेत मानी जाती है।
रुपये की मजबूती ने बढ़ाया भरोसा
डॉलर इंडेक्स में हल्की कमजोरी के बीच रुपया भी मजबूत हुआ। डॉलर के मुकाबले रुपया करीब 96.35 पर कारोबार करता दिखा। मजबूत रुपया विदेशी निवेशकों के भरोसे और आयात करने वाली कंपनियों के लिए राहत का संकेत माना जाता है।
ग्लोबल मार्केट से मिले मिले-जुले संकेत
विदेशी बाजारों का रुख मिला-जुला रहा। डॉव जोंस फ्यूचर्स बढ़त में कारोबार करता दिखा। एसएंडपी 500 और नैस्डैक में हल्की कमजोरी रही। एशियाई बाजारों में निक्केई, स्ट्रेट्स टाइम्स और हैंगसेंग में मजबूती देखने को मिली, जबकि गिफ्ट निफ्टी हल्की गिरावट में रहा।
इन सेक्टरों में दिखी सबसे ज्यादा खरीदारी
शुरुआती कारोबार में IT, PSU बैंक, मेटल, केमिकल और मिडकैप और स्मॉलकैप में अच्छी खरीदारी देखने को मिली है। वहीं, फार्मा, हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स
और ऑटो में हल्की कमजोरी रही।
