Share Market Closing: शेयर बाजार में गुरुवार को जबरदस्त रौनक देखने को मिली। शुरुआती तेजी के बाद बाजार पूरे दिन हरे निशान में बना रहा। निवेशकों की जोरदार खरीदारी से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स ऊंचे स्तर पर बंद हुए। दिन के अंत में सेंसेक्स 398 अंकों की बढ़त के साथ 82,172.10 के लेवल पर जबकि निफ्टी 50 ने 25,000 का अहम स्तर पार करते हुए क्लोजिंग दी। इस दौरान सेंसेक्स के 30 में से 23 स्टॉक्स हरे निशान पर बंद हुए।
इन स्टॉक्स में तेजी
प्री-ओपनिंग में बेंचमार्क सूचकांक BSE और NSE दोनों मजबूती के साथ कारोबार करते नजर आए। इस दौरान सेंसेक्स 303.89 अंक चढ़कर 82,077.55 पर और निफ्टी 6.50 अंक ऊपर 25,052.65 पर पहुंच गया था। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में तेजी और 12 में गिरावट है। आज IT, ऑटो और फाइनेंशियल शेयर्स में ज्यादा बढ़त है। वहीं बैंकिंग और एनर्जी शेयर्स दबाव में कारोबार कर रहे हैं।
अडानी के शेयरों में तेजी
लगभग सभी अडानी ग्रुप के शेयरों में आज सुबह बढ़त देखी गई। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर 1% से अधिक बढ़े, जबकि अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस में लगभग 2% की तेजी रही। इसके अलावा अडानी पावर, अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी पोर्ट्स और अडानी टोटल गैस के शेयरों में भी हल्की बढ़त दर्ज की गई।
इन कारणों से आई तेजी
- भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार खरीदारी ने बाजार की ताकत बढ़ा दी है। बुधवार को FIIs ने ₹81.28 करोड़ के शेयर खरीदे, जबकि मंगलवार को ₹1,440.66 करोड़ का नेट इनफ्लो दर्ज किया गया था। यह ट्रेंड दर्शाता है कि विदेशी फंड्स फिर से भारतीय इक्विटीज में भरोसा जताने लगे हैं।
- आज की रैली में मेटल और फार्मा सेक्टर ने प्रमुख भूमिका निभाई। Nifty Metal Index 1.6% बढ़कर तीन दिन की गिरावट का सिलसिला तोड़ दिया। टाटा स्टील और हिंदुस्तान कॉपर जैसे शेयरों में 4.5% तक तेजी रही। इंडोनेशिया की Freeport की Grasberg खदान में सप्लाई रुकने की खबरों से बेस मेटल की कीमतों में उछाल आया। फार्मा सेक्टर में भी लगभग 4% तक तेजी देखने को मिली। अमेरिका ने जेनेरिक दवाओं पर टैरिफ लगाने की योजना से पीछे हटकर भारतीय फार्मा एक्सपोर्टर्स के लिए पॉजिटिव संकेत दिए।
- निवेशकों को उम्मीद है कि सितंबर तिमाही (Q2) के नतीजे बाजार को सपोर्ट करेंगे।
- ग्लोबल संकेत भी पॉजिटिव रहे। एशियाई बाजारों में मजबूती देखी गई, जहां जापान का Nikkei 225 और हांगकांग का Hang Seng इंडेक्स ऊंचे स्तर पर ट्रेड कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को मजबूती के साथ बंद हुए और वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स में भी पॉजिटिव ओपनिंग के संकेत मिले।
- कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भी बाजार के लिए राहत देने वाली रही। ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.5% गिरकर $65.92 प्रति बैरल पर आ गई, जिससे भारत के लिए इंपोर्ट कॉस्ट और महंगाई का दबाव कम हुआ।
- इसके अलावा, अमेरिकी Federal Reserve की हालिया बैठक के मिनट्स से संकेत मिला कि अधिकारी इस साल ब्याज दरों में कटौती के पक्ष में हैं। कम दरें आम तौर पर भारत जैसे उभरते बाजारों के लिए फायदेमंद होती हैं क्योंकि इससे विदेशी फंड फ्लो बढ़ता है।
सेक्टर्स में फार्मा, मेटल और रियल्टी आगे
सेक्टर्स की बात करें तो फार्मा, मेटल और रियल्टी इंडेक्स में 1% तक की तेजी रही। इसके अलावा बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी हल्की बढ़त देखने को मिली, जो बाजार में सकारात्मक माहौल को दर्शाती है।
निफ्टी के टॉप गेनर्स और लूजर्स
आज निफ्टी में मजबूती दिखाने वाले प्रमुख शेयरों में टाटा स्टील, डॉ रेड्डीज़ लैब्स, सिप्ला, जियो फाइनेंशियल और हिंडाल्को शामिल हैं। वहीं, गिरावट वाले शेयरों में टाटा मोटर्स, मैक्स हेल्थकेयर, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी और टाटा कंज्यूमर रहे।
कल गिरावट पर बंद हुआ था बाजार
इससे पहले कल यानि बुधवार को बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 153 अंक गिरकर 81,773 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 62 अंक की गिरावट रही, ये 25,046 के स्तर पर बंद हुआ था।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
