शेयर बाजार में आज की शुरुआत कुछ खास नहीं रही है। एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और निवेशकों की सतर्कता के चलते घरेलू शेयर बाजार सपाट खुला। सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान पर खुलकर लाल हो गए। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में मामूली तेजी थी लेकिन समय के साथ गिरावट की ओर बाजार मूड बिगड़ गया. आज का दिन बाजार के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि HDFC बैंक, ICICI बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी दिग्गज कंपनियों के तिमाही नतीजों का ऐलान हो चुका है।
जहां प्री-ओपनिंग में सेंसेक्स में 161 अंकों की तेजी के साथ खुला वहीं बाजार खुलते खुलते ये 30 अंक तक पहुंच गया, और कुछ ही मिनटों में बाजार में गिरावट बढ़ गई और सेंसेक्स 160 अंक तक लुढ़क गया।
सेंसेक्स निफ्टी का हाल
ग्लोबल बाजारों से मिले मिले-जुले संकेतों के बीच सोमवार को घरेलू शेयर बाजार ने धीमी शुरुआत की। सुबह 9:15 बजे बीएसई सेंसेक्स 28.84 अंक चढ़कर 81,786.57 पर और एनएसई निफ्टी 0.6 अंक गिरकर 24,967.80 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। शुरुआती कारोबार में मेटल, बैंक और मीडिया सेक्टर को छोड़ बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में थे। खासतौर पर ऑटो, ऑयल एंड गैस, एफएमसीजी और फार्मा सेक्टर में लगभग 0.5% की गिरावट देखी गई।
रिलायंस के नतीजों के बावजूद शेयर फिसला
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने जून तिमाही में 76% का शानदार शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, लेकिन बाजार की प्रतिक्रिया विपरीत रही। कंपनी का शेयर 2% से ज्यादा टूट गया और सुबह 9:22 बजे यह ₹1,448.80 पर ट्रेड कर रहा था। जबकि इसने आज का सत्र ₹1,465 पर खोला था। शुक्रवार को इसका पिछला बंद ₹1,476 पर हुआ था।
किन शेयरों में दिखा जोर और कहां रही कमजोरी
एनएसई निफ्टी पर एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंडाल्को, टाटा स्टील और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में मजबूती देखने को मिली। दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, टाइटन और अदानी पोर्ट्स जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट आई। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी मामूली कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे हैं।
रुपए में गिरावट
घरेलू शेयर बाजारों में नकारात्मक रुख के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 20 पैसे टूटकर 86.36 प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपये में गिरावट जारी रही और वह नकारात्मक रुख के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.27 पर खुला। बाद में 86.36 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 20 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.16 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.46 पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 155.73 अंक की गिरावट के साथ 81,602.00 अंक पर जबकि निफ्टी 63.55 अंक फिसलकर 24,904.85 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.36 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 374.74 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
