बिजनेस

Share Market Today: शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 566 अंक तो निफ्टी 130 अंक उछला

बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में रौनक लौट आई। सेंसेक्स करीब 567 अंक उछल गया जबकि निफ्टी ने एक बार 23,150 के स्तर को हासिल कर लिया। बुधवार को सेंसेक्स के समूह में शामिल शेयरों में से इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, सन फार्मास्युटिकल, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

Image

शेयर बाजार में लौटी रौनक

Photo : iStock

Share Market Closing: मजबूत वैश्विक रुझानों के बीच इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में तेजी आने से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में रौनक लौट आई। सेंसेक्स करीब 567 अंक उछल गया जबकि निफ्टी ने एक बार 23,150 के स्तर को हासिल कर लिया। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 566.63 अंक यानी 0.75 प्रतिशत बढ़कर 76,404.99 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 624.77 अंक चढ़कर 76,463.13 के स्तर तक पहुंच गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी 130.70 अंक यानी 0.57 प्रतिशत चढ़कर 23,155.35 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 144.9 अंक बढ़कर 23,169.55 पर पहुंच गया था। इसके साथ ही घरेलू शेयर बाजारों ने पिछले कारोबारी सत्र की भारी गिरावट से पुरजोर वापसी की। मंगलवार को सेंसेक्स 1,235.08 अंक टूटकर 75,838.36 और निफ्टी 320.10 अंक गिरकर 23,024.65 पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स का ऐसा रहा हाल

बुधवार को सेंसेक्स के समूह में शामिल शेयरों में से इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, सन फार्मास्युटिकल, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी तरफ टाटा मोटर्स, पावरग्रिड, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी, टाटा स्टील और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही।

एशिया के अन्य बाजारों का हाल

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "निजी क्षेत्र के एक प्रमुख बैंक के उम्मीद से बेहतर नतीजों से अस्थिरता के बीच सूचकांकों में तेजी आई। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र हाल के नुकसान से उबरने में सफल रहा।" नायर ने कहा कि इस तेजी के बीच मझोली एवं छोटी कंपनियों के उच्च मूल्यांकन से जुड़ी चिंताओं के कारण उनका कमजोर प्रदर्शन जारी रहा। एशिया के अन्य़ बाजारों में जापान का निक्की एवं दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त के साथ बंद हुए जबकि हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट में रहे। यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.49 प्रतिशत बढ़कर 79.68 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 5,920.28 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी।

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article