बिजनेस

Closing Bell: बाजार में फिर तबाही, सेंसेक्स 1097 अंक फिसला, निफ्टी 24500 के नीचे बंद

भारतीय शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी और सेंसेक्स शुक्रवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स जहां 1097 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ, वहीं निफ्टी 24500 के करीब फिसल गया है। एक दिन में निवेशकों को करीब 2.75 लाख करोड़ का नुकसान हुआ है।

Image

Stock Market Down

Share Market Sensex Nifty Today: मार्च 2026 के पहले सप्ताह के आखिरी दिन बाजार में बिकवाली हावी रही। दिनभर बाजार में कमजोरी रही और कारोबार के आखिरी आधे घंटे में निफ्टी में करीब 150 अंक की गिरावट आई, जिससे इंडेक्स 24500 के अहम सपोर्ट लेवल से नीचे 300 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह सेंसेक्स में भी आखिरी घंटे में 300 अंक से ज्यादा की गिरावट आई और इंडेक्स 1000 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ।

इससे पहले ग्लोबल बाजारों में भी कमजोरी रही। अमेरिकी बाजार के प्रमुख इंडेक्स गुरुवार को 1 फीसदी तक की गिरावट के साथ बंद हुए, जिसका असर शुक्रवार सुबह भारतीय शेयर बाजार में व्यापक कमजोरी के तौर पर दिखा। भारत के साथ ही शुक्रवार को सभी बड़े एशिया बाजारों में भी भारी उतार चढ़ाव रहा और ओवरऑल मार्केट सेंटिमेंट बेयरिश बना हुआ है।

कैसा रहा सेंसेक्स-निफ्टी का हाल?

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली। बैंकिंग, आईटी और मेटल शेयरों में बिकवाली के दबाव से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी 24,450 के पास और सेंसेक्स 79 हजार के नीचे फिसलकर बंद हुआ।

सेंसेक्स का हाल : सेंसेक्स 1,097 अंक यानी 1.37% गिरकर 78,918.90 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 79,753.03 का हाई और 78,812.18 का लो बनाया। सुबह सेंसेक्स 79,658.99 पर खुला था, लेकिन दिनभर बाजार में बिकवाली हावी रही और अंत में इंडेक्स 79 हजार के नीचे बंद हुआ।

निफ्टी का हाल : निफ्टी में 315.45 अंक यानी 1.27% की गिरावट रही और यह 24,450.45 पर बंद हुआ। निफ्टी ने इस दौरान 24,700.90 का उच्च स्तर और 24,415.75 का निचला स्तर छुआ। इंडेक्स की ओपनिंग 24,656.40 पर हुई थी, लेकिन दिनभर दबाव बना रहा।

मार्च में मार्केट कैप 6 लाख करोड़ घटा

मार्च में पांच दिन कारोबार हुआ है। इनमें से तीन दिन लगातार बाजार में गिरावट हुई। इसके बाद गुरुवार को बाजार हरे निशान में बंद हुए। जबकि, शुक्रवार को फिर बिकवाली हावी हो गई। इस तरह चार दिन व्यापक बिकवाली के चलते मार्केट कैप में करीब 6 लाख करोड़ की कमी आई है। 2 मार्च को देश में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 45,617,223.98 करोड़ रुपये था, जो शुक्रवार को घटकर 4,49,75,567.44 करोड़ रुपये रह गया है। इस तरह मार्च के पहले सप्ताह में बाजार से 6,41,656.54 करोड़ की वैल्यू साफ हो गई है।

मार्केट ब्रेडथ हुई कमजोर

आज के कारोबार में मार्केट ब्रेडथ साफ तौर पर कमजोर दिखाई दी। एडवांस-डिक्लाइन डेटा बता रहा है कि बाजार में बिकवाली का दबाव ज्यादा रहा और बढ़ने वाले शेयरों के मुकाबले गिरने वाले शेयरों की संख्या काफी अधिक रही। BSE में कुल 4,348 शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 1,846 शेयर बढ़त में बंद हुए, जबकि 2,317 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह NSE में कुल 3,271 शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,287 शेयर चढ़े, जबकि 1,885 शेयर गिरे और 99 शेयर स्थिर रहे। कुल मिलाकर एडवांस-डिक्लाइन रेशियो नेगेटिव रहा।

क्यों आई बाजार में गिरावट?

भले ही भारत को अमेरिका की तरफ से रूसी क्रूड खरीदने के लिए 30 दिन की मोहलत मिल गई है। लेकिन, पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की वजह से क्रूड के दाम बढ़ गए हैं। ऐसे में भारत को रूस से भी उतना सस्ता क्रूड नहीं मिलेगा, जितना अब तक मिल रहा था। ऐसे में महंगे क्रूड की वजह भारत में महंगाई बढ़ने और कॉरपोरेट अर्निंग में कमी की आशंका है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article