बिजनेस

सोमवार से शेयर बाजार की कैसी रहेगी चाल, क्या लौटेगी तेजी या जारी रहेगी गिरावट?

भारतीय शेयर बाजार में तेजी लौट नहीं रही है। लगातार गिरावट से निवेशक परेशान हैं। अब निवेशकों की नजर सोमवार से शुरू हो रहे नए सप्ताह पर है।

Image

स्टॉक मार्केट आउटलुक

भारतीय शेयर बाजार में पिछले हफ्ते बड़ी गिरावट रही। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 639.61 अंक और एनएसई निफ्टी 171.55 अंक टूटा था। विदेशी निवेशकों की बिकवाली से सेंसेक्स और निफ्टी टूटकर बंद हुए। अब निवेशकों की नजर सोमवार से शुरू हो रहे नए सप्ताह पर है। मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि शेयर बाजार की दिशा अगले हफ्ते अमेरिका-ईरान संबंधों से जुड़े घटनाक्रम, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समीक्षा से तय होंगे। इसके अलावा प्रमुख आर्थिक आंकड़ों की घोषणा, विदेशी निवेशकों की गतिविधियां तथा रुपये-डॉलर की विनिमय दर पर भी निवेशकों की निगाह रहेगी।

एक्सपर्ट का क्या है कहना?

रेलिगेयर ब्रोकिंग के शोध प्रमुख अजित मिश्रा ने कहा कि बाजार भागीदारों की नजर अमेरिका-ईरान की स्थिति और कच्चे तेल की कीमतों पर बनी रहेगी। ये दोनों कारक मुद्रास्फीति की अपेक्षाओं, रुपये की स्थिरता और विदेशी निवेश प्रवाह को सीधे प्रभावित करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को मई माह का अंतिम एचएसबीसी विनिर्माण पीएमआई (पीएमआई) आंकड़ा जारी होगा, जबकि बुधवार को सेवा क्षेत्र और समग्र पीएमआई के आंकड़े आएंगे। इनसे मांग, कारोबारी गतिविधियों और विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक मजबूती का संकेत मिलेगा। मिश्रा के अनुसार, सप्ताह की सबसे महत्वपूर्ण घटना शुक्रवार को होने वाली आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक का निर्णय होगा। निवेशक ब्याज दरों, मुद्रास्फीति और नकदी प्रबंधन को लेकर केंद्रीय बैंक के रुख पर विशेष ध्यान देंगे।

इन आंकड़ों पर रहेगी निवेशकों की नजर

विशेषज्ञों का कहना है कि भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर तथा विदेशी मुद्रा भंडार के आंकड़े भी अर्थव्यवस्था की गति और बाहरी क्षेत्र की स्थिति का आकलन करने में मदद करेंगे। ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं संपत्ति प्रौद्योगिकी कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा कि पश्चिम एशिया में कूटनीतिक घटनाक्रम, अमेरिका-ईरान वार्ता और कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव के कारण बाजार में संवेदनशीलता बनी रह सकती है। इनके अलावा वैश्विक बाजारों का प्रदर्शन, संस्थागत निवेशकों का निवेश प्रवाह और रुपये की चाल भी बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा कि घरेलू स्तर पर आरबीआई की नीतिगत बैठक सबसे महत्वपूर्ण रहेगी। बढ़ती महंगाई और मुद्रा बाजार की परिस्थितियों के बीच निवेशक केंद्रीय बैंक के संकेतों का बारीकी से विश्लेषण करेंगे।

उन्होंने कहा कि एक जून को मई माह के वाहन क्षेत्र के बिक्री आंकड़े भी आएंगे। इससे इस क्षेत्र की उपभोक्ता मांग की स्थिति का अंदाजा लगेगा। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर के अनुसार, निकट अवधि में भारतीय शेयर बाजार की दिशा मुख्य रूप से आरबीआई के नीतिगत निर्णय और जीडीपी आंकड़ों पर निर्भर करेगी। वहीं पीएमआई और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के आंकड़े वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में औद्योगिक गतिविधियों की शुरुआती तस्वीर पेश करेंगे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article