बिजनेस

Share Market Opening: हफ्ते के आखिरी दिन शेयर मार्केट की अच्छी शुरुआत, सेंसेक्स 250 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,950 के पार

एशियाई बाजारों में आई तेजी का सीधा फायदा घरेलू बाजार को मिला, जिससे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स (Sensex) 76,120 के ऐतिहासिक स्तर को पार करके हरे निशान पर खुला, वहीं निफ्टी (Nifty) में भी मजबूत बढ़त देखी जा रही है।

Image

Share Market Opening

Share Market Opening: वैश्विक बाजारों से मिल रहे मजबूत संकेतों के दम पर आज भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत शानदार बढ़त के साथ हुई है। एशियाई बाजारों में आई तेजी का सीधा फायदा घरेलू बाजार को मिला, जिससे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स (Sensex) 76,120 के ऐतिहासिक स्तर को पार करके हरे निशान पर खुला, वहीं निफ्टी (Nifty) में भी मजबूत बढ़त देखी जा रही है।

बाजार की इस तेजी के पीछे वैश्विक स्तर पर हुए बड़े घटनाक्रम हैं। अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों के लिए युद्धविराम बढ़ाने के मसौदा समझौते की खबरों के बाद अमेरिकी शेयर बाजार (S&P 500 और नैस्डैक) रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए, जिसने भारतीय बाजारों के सेंटिमेंट को मजबूत किया। हालांकि, अमेरिकी प्रतिनिधि जेडी वैंस के इस बयान के बाद कि "बातचीत लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है," कच्चे तेल के उत्पादन में मामूली गिरावट आई है और भू-राजनीतिक जोखिम अब भी बने हुए हैं, लेकिन भारतीय निवेशकों ने आज सकारात्मक शुरुआत को तरजीह दी है।

ग्लोबल मार्केट का क्या है हाल?

वैश्विक बाजारों की बात करें तो एशियाई बाजारों में आज अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। वहीं, बीती रात अमेरिकी शेयर बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे, जहां S&P 500 और नैस्डैक (Nasdaq) ने रिकॉर्ड ऊंचाई को छूते हुए क्लोजिंग की थी।

भारतीय शेयर बाजार का पिछला हाल

बकरीद के त्योहार की छुट्टी होने के कारण गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में कोई कामकाज नहीं हुआ और यह बंद था। इससे पहले बुधवार को बड़े शेयरों में हुई बिकवाली (बिक्री) की वजह से भारतीय बाजार लगातार दूसरे दिन थोड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ था। बुधवार को सेंसेक्स 141.90 अंक (0.19%) टूटकर 75,867.80 पर और निफ्टी 50 महज 6.55 अंक (0.03%) की मामूली कमजोरी के साथ 23,907.15 के स्तर पर बंद हुआ था।

Wipro में बड़ी तेजी का संकेत

Wipro ने ServiceNow के साथ अपनी साझेदारी का विस्तार 'Agentic AI Workflows' के लिए किया है। इस खबर के बाद अमेरिकी बाजार में Wipro का ADR करीब 18% उछल गया, जिसका सीधा असर आज घरेलू शेयर पर देखने को मिल सकता है।

PB Fintech में बड़ी ब्लॉक डील संभव

आज PB Fintech में लगभग 663 करोड़ रुपये की एक बड़ी ब्लॉक डील होने की संभावना है। खबरों के अनुसार, कंपनी के फाउंडर याशीष दहिया और आलोक बंसल 1,720 रुपये प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर अपनी करीब 0.8% हिस्सेदारी बेच सकते हैं।

Coal India OFS आज रिटेल निवेशकों के लिए खुलेगा

Coal India का OFS (ऑफर फॉर सेल) आज से रिटेल निवेशकों के लिए खुलने जा रहा है। नॉन-रिटेल कैटेगरी में इस इश्यू को शानदार रिस्पॉन्स मिला और यह 8 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ। इसी मजबूत मांग को देखते हुए सरकार 1% अतिरिक्त हिस्सेदारी बेचने के लिए ओवरसब्सक्रिप्शन विकल्प का इस्तेमाल करेगी।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article