बिजनेस

Share Bazar Today: सेंसेक्स पहली बार 84000 के पार, शेयर बाजार ने बनाया नया रिकॉर्ड, जानें किन शेयरों में तेजी

Share Bazar Today: सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू स्टील, मारुति, टाटा स्टील, लार्सन एंड टूब्रो, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, नेस्ले, भारती एयरटेल और अदाणी पोर्ट्स के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे। केवल टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर में गिरावट आई।

Image

शेयर बाजार रिकॉर्ड लेवल पर

Photo : iStock

Share Bazar Today:शेयर बाजार ने एक बार फिर रिकॉर्ड बनाया है। बीएसई सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को शुरुआती सौदों में 84,000 अंक के रिकॉर्ड स्तर के पार पहुंच गया। निफ्टी ने भी अपने नए रिकॉर्ड उच्च स्तर को छुआ।वैश्विक बाजारों में तेजी के साथ अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा चार साल से अधिक समय के बाद अपनी ब्याज दर में कटौती से घरेलू बाजार में तेजी आई है।शुरुआती सौदों में 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स 975.1 अंक उछलकर 84,159.90 अंक के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 271.1 अंक की बढ़त के साथ 25,686.90 अंक के नए सर्वकालिक शिखर पर रहा।

किन शेयरों में तेजी

सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू स्टील, मारुति, टाटा स्टील, लार्सन एंड टूब्रो, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, नेस्ले, भारती एयरटेल और अदाणी पोर्ट्स के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे। केवल टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर में गिरावट आई।

इसके पहले एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की-225 और हांगकांग का हैंगसेंग फायदे में रहे, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहा।अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74.66 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 2,547.53 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

एक दिन पहले कैसा था मूड

इसके पहले शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को भी तेजी रही थी और दोसेंसेक्स और निफ्टी ने नये शिखर को छू लिया था। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 236.57 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ अपने अबतक के उच्चतम स्तर 83,184.80 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 825.38 अंक यानी 0.99 प्रतिशत उछलकर 83,773.61 अंक के नये शिखर पर पहुंच गया था।नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 38.25 अंक यानी 0.15 प्रतिशत के लाभ के साथ 25,415.80 अंक पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 234.4 अंक यानी 0.92 प्रतिशत की बढ़त के साथ अपने अबतक के उच्चतम स्तर 25,611.95 अंक तक चला गया था।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article