बिजनेस

Sensex, Nifty close at new record level :अमेरिका में ब्याज दर में कटौती की उम्मीद में सेंसेक्स, निफ्टी नये रिकॉर्ड स्तर पर बंद

Sensex, Nifty close at new record level :एनएसई निफ्टी 34.80 अंक यानी 0.14 प्रतिशत चढ़कर 25,418.55 के नये शिखर पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में भारती एयरटेल, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, लार्सन एंड टूब्रो, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और रिलायंस इंडस्ट्रीज में वृद्धि हुई।

Image

शेयर मार्केट।

Photo : iStock

Sensex, Nifty close at new record level :अमेरिका में ब्याज दर घटने की उम्मीद के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स मंगलवार को करीब 91 अंक चढ़कर नये सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी पहली बार 25,400 के स्तर से ऊपर बंद हुआ। अमेरिकी के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर बहुप्रतीक्षित फैसले से पहले मजबूत वैश्विक रुझानों से बाजार को समर्थन मिला। रिकॉर्ड बनाने के सिलसिले को दूसरे दिन जारी रखते हुए 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 90.88 अंक यानी 0.11 प्रतिशत चढ़कर 83,079.66 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान यह 163.63 अंक यानी 0.19 प्रतिशत बढ़कर 83,152.41 पर पहुंच गया था। एनएसई निफ्टी 34.80 अंक यानी 0.14 प्रतिशत चढ़कर 25,418.55 के नये शिखर पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में भारती एयरटेल, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, लार्सन एंड टूब्रो, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और रिलायंस इंडस्ट्रीज में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

दूसरी ओर टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, आईटीसी और एशियन पेंट्स लाल निशान में बंद हुए। एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ, जबकि जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुआ। चीन का शंघाई कम्पोजिट और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बंद रहे। यूरोपीय बाजार कारोबार के दौरान सकारात्मक दायरे में थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में कटौती करने की उम्मीद में भारतीय बाजार ने एक बार फिर हल्की बढ़त दर्ज की। बाजार ने मान लिया है कि चौथाई प्रतिशत की कटौती पक्की है, लेकिन अर्थव्यवस्था की सेहत और भविष्य में कटौती के बारे में फेड की टिप्पणियों पर सबकी नजर है।'' अमेरिकी फेडरल रिजर्व बुधवार को मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा।

मंगलवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार अगस्त में थोक मुद्रास्फीति लगातार दूसरे महीने गिरकर 1.31 प्रतिशत पर आ गई। सब्जियों, खाद्य पदार्थ और ईंधन की कीमतों में कमी के चलते थोक महंगाई कम हुई है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,634.98 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत घटकर 72.52 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर आ गया।

Ashish Kushwaha
आशीष कुशवाहाauthor

<p>आशीष कुमार कुशवाहा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। वह 2023 से Timesnowhindi.com के साथ जुड़े हैं। वह यहां शेयर बाजार, स्टॉक्स, IPO, पर्सनल फाइनेंस, बिजनेस न्यूज, कंपनी डेवलपमेंट, सक्सेस स्टोरी, यूटिलिटी, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी और गैजेट से जुड़ी स्टोरी पर काम करते हैं। उनके पास पिछले 3 साल के भारतीय बजट को भी कवर करने का एक्सपीरियंस है। उनके पास ऑटो एक्सपो 2023 को कवर करने का अनुभव है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं। उनके पास डिजिटल मीडिया में कुल 3 साल से ज्यादा का एक्सपीरियंस है। इससे पहले इन्होंने वन इंडिया, दैनिक भास्कर डिजिटल में काम किया है। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से मीडिया में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है। वहीं ग्रेजुएशन की पढ़ाई रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर से मास कम्यूनिकेशन में की है। उन्हें शुरू से ही डिबेट करने, सामाजिक मुद्दों पर बात करने और शेयर बाजार में रुचि थी। उन्हें बचपन से ही अखबार के संपादकीय पेज और न्यूज पढ़ने का सौख था। स्कूल के समय उन्होंने कई क्विज कंपटीशन में भी हिस्सा लिया और प्राइज जीते हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article