बिजनेस

MF निवेशकों को अब नहीं लगेगा फ्रैंकलिन टेंपलेटन जैसा झटका,बनेगा 33000 करोड़ का फंड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 30, 2023, 12:25 PM IST

SEBI Decisions On Mutual Fund: कोरोना काल में निवेश कम होने के बाद अप्रैल 2020 में फ्रैंकलिन टेंपलेटन म्युचुअल फंड ने अपनी छह म्युचुअल फंड स्कीम को बंद कर दिया था। इन स्कीम में करीब तीन लाख निवेशकों के 25 हजार करोड़ रुपये जमा थे। कंपनी ने नकदी की समस्या का हवाला देते हुए यह कदम उठाया था।

Image

म्युचुअल फंड निवेशकों को मिलेंगे कई फायदे

SEBI Decisions On Mutual Fund: म्युचुअल फंड निवेशकों को बाहरी कारणों (External Factor) से पैदा हुए खतरे से बचाने के लिए सेबी ने बड़ा फैसला किया है। इसके तहत करीब 33 हजार करोड़ रुपये के कोष का गठन किया जाएगा। जो कि वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) के रुप में बनेगा। शुरुआत में इसमें 3,000 करोड़ रुपये की शुरुआती पूंजी लगाई जाएगी। इस कदम से फिक्सड इनकम म्युचुअल फंड के निवेशकों को खास तौर से फायदा मिलेगा। इस फंड पर सॉवरेन गारंटी मिलेगी। सेबी के इस फैसले से कोरोना काल में फ्रैंकलिन टेंपलेटन म्युचुअल फंड जैसी घटना को रोकने में मदद मिलेगी।

सेबी ने क्या कहा

इस फैसले पर सेबी की चेयरपर्सन माधवी पुरी बुच ने निदेशक मंडल की बैठक के बाद बताया कि प्रस्तावित कॉरपोरेट बॉन्ड बाजार विकास कोष (सीडीएमडीएफ) का शुरुआती कोष 3,000 करोड़ रुपये होगा। इसमें योगदान म्यूचुअल फंड करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस कोष के दस गुना उपयोग की अनुमति दी है। इस तरह उपलब्ध कोष का आकार बढ़कर 33,000 करोड़ रुपये हो जाएगा।कॉरपोरेट बॉन्ड बाजार विकास कोष नेशनल क्रेडिट गारंटी ट्रस्ट कंपनी (एनसीजीटीसी) की तरफ से प्रदान की जाने वाली गारंटी के आधार पर बाजार में उतार-चढ़ाव के दौरान कॉरपोरेट ऋण प्रतिभूतियों की खरीद के लिए धन जुटा सकेगा। इस फंड को SBI Mutual Fund मैनेज करेगा।

फ्रैंकलिन टेंपलेटन ने निवेशकों को दिया था झटका

असल में कोरोना काल में निवेश कम होने के बाद अप्रैल 2020 में फ्रैंकलिन टेंपलेटन म्युचुअल फंड ने अपनी छह म्युचुअल फंड स्कीम को बंद कर दिया था। इन स्कीम में करीब तीन लाख निवेशकों के 25 हजार करोड़ रुपये जमा थे। कंपनी ने नकदी की समस्या का हवाला देते हुए यह कदम उठाया था। इसकी वजह से लाखों निवेशकों को झटका लगा था। इसके बाद बाजार नियामक सेबी ने नवंबर 2020 में कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। और उसने 2021 में एसेट मैनेजमेंट कंपनी के प्रमुख विवेक कुडवा और उनकी पत्नी रूपा कुडवा को एक वर्ष के लिए प्रतिभूति बाजार से किसी भी तरह से जुड़ने पर रोक लगा दी थी।

निवेशकों को मिलेगी ब्लॉक करने की सुविधा

सेबी ने शेयर बाजार में उपलब्ध शेयरों की खरीद-बिक्री को लेकर निवेशकों को ब्लॉक करने की सुविधा मिलेगी। इसके तहत निवेशक ‘ब्लॉक' राशि के साथ आवेदन (एप्लिकेशन सपोर्टेड बाई ब्लॉक्ड एमाउंट) की सुविधा ले सकेगा। इसके तहत ग्राहकों को बचत खाते में अपने ‘ब्लॉक' राशि पर तब तक ब्याज मिल सकेगा। जब तक कि राशि विदड्रॉल नहीं हो जाती है। इसका फायदा निवेशकों को IPO में निवेश करते समय मिलेगा।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article