त्योहारों सीजन के मौके पर डेवलपर्स घर खरीदारों को आकर्षित करने के लिए खास ऑफर्स और उपहार पेश कर रहे हैं। इससे घरों की मांग बढ़ी है। हालांकि, इस बार ट्रेंड बदला हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के रियल एस्टेट मार्केट में लग्जरी हाउसिंग की मांग अधिक देखने को मिल रही है। गुरुग्राम देश में लग्जरी हाउसिंग में पहले स्थान पर है।
प्रॉपर्टी बाजार
PropEquity की रिपोर्ट के अनुसार, कैलेंडर वर्ष 2025 में गुरुग्राम में 23,809 आवासीय यूनिट्स लॉन्च की गईं, जिनकी कुल लॉन्च वैल्यू ₹1.38 लाख करोड़ रही। प्रति यूनिट औसत लॉन्च वैल्यू ₹6 करोड़ से अधिक थी। इस सूची में बेंगलुरु ₹1.30 लाख करोड़ की लॉन्च वैल्यू और 72,250 यूनिट्स के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि मुंबई में 29,627 यूनिट्स की कुल लॉन्च वैल्यू ₹1.27 लाख करोड़ रही।
5 करोड़ के घर की जबरदस्त मांग
रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में गुरुग्राम में ₹5 करोड़ से अधिक कीमत वाले करीब 7,430 घर लॉन्च किए गए, जबकि मुंबई में ऐसे लगभग 5,710 घर लॉन्च हुए। पूरे NCR में 50,167 आवासीय यूनिट्स लॉन्च की गईं, जिनकी कुल वैल्यू ₹2.16 लाख करोड़ रही। इस दौरान NCR की लगभग ₹1.63 लाख करोड़ की आवासीय बिक्री वैल्यू में गुरुग्राम की हिस्सेदारी करीब 60% रही।
लग्जरी हाउसिंग की वैल्यू में 18 गुना उछाल
देशभर में लग्जरी हाउसिंग सेगमेंट रियल एस्टेट बाजार की वृद्धि का अहम हिस्सा बन गया है। PropEquity के अनुसार, ₹5 करोड़ से अधिक कीमत वाली आवासीय प्रॉपर्टी की लॉन्च वैल्यू 2020 में ₹12,223 करोड़ थी, जो 2025 में बढ़कर ₹2,39,996 करोड़ हो गई। यानी पांच साल में इसमें करीब 18 गुना वृद्धि हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक, कोविड-19 महामारी के बाद से NCR में प्रॉपर्टी की कीमतों में लगभग 450% की बढ़ोतरी हुई, जबकि अन्य शहरों में औसत वृद्धि करीब 250% रही। इसी अवधि में NCR में इन्वेंट्री ओवरहैंग 2014 के 43 महीने से घटकर 2025 में 12 महीने रह गया। इन्वेंट्री ओवरहैंग से पता चलता है कि मौजूदा बिक्री की रफ्तार पर बिना नई सप्लाई के उपलब्ध घरों को बेचने में कितना समय लग सकता है।
त्योहारी सीजन से पहले घरों की मांग में सुधार
Magicbricks की जुलाई-सितंबर 2026 की PropIndex रिपोर्ट के अनुसार, त्योहारी सीजन से पहले देशभर में आवासीय प्रॉपर्टी की मांग तिमाही आधार पर 8.2% बढ़ी। हालांकि, मांग पिछले साल की समान अवधि के स्तर से नीचे रही। रिपोर्ट में ग्रेटर नोएडा, बेंगलुरु और नोएडा में ₹3 करोड़ से अधिक कीमत वाले घरों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
750-1,250 वर्ग फुट के घरों की ज्यादा मांग
खरीदारों की पसंद में व्यावहारिक आकार वाले घर प्रमुख रहे। 750 से 1,250 वर्ग फुट के घरों की मांग सबसे अधिक रही, जबकि 1,250 से 2,000 वर्ग फुट के घर भी पसंद किए गए। दो और तीन बेडरूम वाले अपार्टमेंट खरीदारों की प्राथमिकता बने रहे। आपूर्ति के मोर्चे पर गुरुग्राम में सक्रिय प्रॉपर्टी लिस्टिंग घटी, जबकि बेंगलुरु, नोएडा और हैदराबाद में बढ़ी। तिमाही के दौरान गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा में कीमतें अपेक्षाकृत स्थिर रहीं।
त्योहारी सीजन में मिल रहे खास ऑफर्स
त्योहारी मांग को देखते हुए NCR के डेवलपर्स घर खरीदारों के लिए विशेष योजनाएं पेश कर रहे हैं। बीपीटीपी लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स) सौरभ पालिवाल ने कहा कि त्योहारी सीजन में कंपनी ने ‘बीपीटीपी पुष्पांजलि’ अभियान शुरू किया है। इसी तरह, जेएमएस ग्रुप ने ‘नवरात्रि नव रिवॉर्ड्स’ कार्यक्रम पेश किया है। जेएमएस ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि ‘नवरात्रि नव रिवॉर्ड्स’ का उद्देश्य त्योहारी सीजन को ग्राहकों के लिए खास बनाना और उनके साथ कंपनी के संबंध मजबूत करना है।
खरीदार सोच-समझ कर ले रहें फैसला
रूट्स डेवलपर्स के डायरेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा कि 2026 का त्योहारी बाजार अब अधिक समझदारी से फैसले लेने वाले खरीदारों को दर्शाता है। होम बायर्स अब डेवलपर का पिछला रिकॉर्ड, इंफ्रास्ट्रक्चर कनेक्टिविटी और प्रोजेक्ट पूरा होने की समयसीमा भी जांचते हैं। उनके मुताबिक, खरीदार केवल अल्पकालिक ऑफर्स के बजाय बेहतर आवासीय लेआउट और लंबे समय तक उपयोगी रहने वाली सुविधाओं को महत्व दे रहे हैं।
