बिजनेस

SBI: एसबीआई में आने वाली हैं बंपर नौकरियां, इस साल 10,000 भर्तियां, जानें किनकी डिमांड

SBI: एसबीआई के चेयरमैन सी एस शेट्टी ने ने कहा कि ग्राहकों की अपेक्षाएं बदल रही हैं, तकनीक बदल रही है, डिजिटलीकरण को व्यापक रूप से अपनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बैंक चालू वित्त वर्ष में 10,000 नए कर्मचारियों को भर्ती करने की योजना बना रहा है।

Image

एसबीआई में बंपर नौकरी

SBI Jobs And Expansion Plan:देश का सबसे बड़ा बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) चालू वित्त वर्ष (2024-25) में 10,000 नए कर्मचारियों को भर्ती करने की योजना बना रहा है। बैंक यह नई भर्ती आम बैंकिंग जरूरतों और अपनी अपनी तकनीकी क्षमता को बढ़ावा देने के लिए करेगा। बैंक इसके तहत ज्यादातर भर्तियां डेटा वैज्ञानिकों, डेटा आर्किटेक्ट्स, नेटवर्क संचालकों आदि जैसी विशेष नौकरियों के लिए करेगा। मार्च, 2024 तक बैंक के कुल कर्मचारियों की संख्या 2,32,296 थी। इसके अलावा एसबीआई चालू वित्त वर्ष में देशभर में 600 शाखाएं खोलने की योजना बना रहा है।

क्या है प्लान

एसबीआई के चेयरमैन सी एस शेट्टी ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा, “हम अपने कार्यबल को प्रौद्योगिकी पक्ष के साथ-साथ सामान्य बैंकिंग पक्ष पर भी मजबूत कर रहे हैं। हमने हाल ही में एंट्री लेवल और थोड़े हाई लेवल पर लगभग 1,500 टेक्निकल लोगों की भर्ती की घोषणा की है।उन्होंने कहा, कि हमारा जोर डेटा वैज्ञानिकों, डेटा आर्किटेक्ट्स, नेटवर्क संचालकों आदि जैसी विशेष नौकरियों पर है। हम उन्हें प्रौद्योगिकी पक्ष में विभिन्न प्रकार की नौकरियों के लिए भर्ती कर रहे हैं। इसलिए, कुल मिलाकर, हमारी वर्तमान वर्ष की आवश्यकता लगभग 8,000 से 10,000 लोगों की होगी। लोगों को विशेष और सामान्य दोनों कैटेगरी में जोड़ा जाएगा।मार्च, 2024 तक बैंक के कुल कर्मचारियों की संख्या 2,32,296 थी। इसमें से पिछले वित्त वर्ष के अंत में 1,10,116 अधिकारी बैंक में कार्यरत थे।

क्या है नई प्लानिंग

शेट्टी ने कहा कि ग्राहकों की अपेक्षाएं बदल रही हैं, तकनीक बदल रही है, डिजिटलीकरण को व्यापक रूप से अपनाया जा रहा है। इसलिए, हम सभी स्तर पर अपने कर्मचारियों को लगातार नया कौशल प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंक ग्राहकों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने और बेहतर बैंकिंग अनुभव प्रदान करने के लिए कुछ विशिष्ट क्षेत्रों में विशेष कौशल विकास प्रदान करता है। जहां तक नेटवर्क विस्तार की बात है, शेट्टी ने कहा कि एसबीआई चालू वित्त वर्ष में देशभर में 600 शाखाएं खोलने की योजना बना रहा है। मार्च, 2024 तक एसबीआई के पास देशभर में 22,542 शाखाओं का नेटवर्क है।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article