अगर आपकी उम्र 80 साल या उससे ज्यादा है या आपके घर में इस उम्र के फैमिली मेंबर हैं और आप सुरक्षित निवेश के लिए बैंक FD का विकल्प तलाश रहे हैं तो SBI की एक खास स्कीम के बारे में जरूर जानना चाहिए। देश का सबसे बड़ा पब्लिक सेक्टर बैंक एसबीआई अपने ग्राहकों के लिए SBI Patrons स्कीम पेश करता है। इस स्कीम को खास कर सुपर सीनियर सिटीजन के लिए ही लाया गया है।
क्या है SBI Patrons
SBI Patrons सुपर सीनियर सिटीजन के लिए शुरू की गई विशेष टर्म डिपॉजिट स्कीम है। इस स्कीम के तहत एफडी पर सुपर सीनियर सिटीजन को ज्यादा ब्याज दर ऑफर की जाती है। यानी अगर ग्राहक की उम्र 80 वर्ष से ज्यादा है तो उसे 60 वर्ष से अधिक और 80 वर्ष से कम के सीनियर सिटीजन से ज्यादा ब्याज दिया जाएगा। इस स्कीम में बैंक सुपर सीनियर सिटीजन को सीनियर सिटीजन के मुकाबले 10 बेसिस पॉइंट यानी 0.10 प्रतिशत ज्यादा ब्याज ऑफर करता है।
बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के व्यक्ति इस स्कीम का लाभ ले सकते हैं। इसमें अकेले या संयुक्त रूप से टर्म डिपॉजिट खोला जा सकता है। हालांकि, ज्वाइंट अकाउंट की स्थिति में पहला यानी प्राइमरी अकाउंट होल्डर 80 साल या उससे अधिक उम्र का होना चाहिए। बैंक के सिस्टम में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर यह लाभ अपने आप दिया जाता है और ग्राहक को इसके लिए अलग से कुछ करने की जरूरत नहीं है।
कितनी रकम जमा कर सकते हैं?
SBI Patrons में ग्राहक 1,000 रुपये से निवेश शुरू कर सकता है। वहीं अधिकतम जमा राशि 3 करोड़ से कम होनी चाहिए। यह सुविधा रिटेल डिपॉजिटर्स के लिए उपलब्ध है। डिपॉजिट की अवधि 7 दिन से लेकर 10 साल तक रखी जा सकती है। ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग अवधि चुन सकता है। सबसे अधिक ब्याज दर की बात करें तो सुपर सीनियर सिटीजन को 5 साल या इससे अधिक समय की एफडी पर 7.15 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जाएगा।
TDR और STDR का विकल्प
SBI Patrons के तहत TDR और STDR दोनों विकल्प उपलब्ध हैं और ये केवल callable deposits हैं। TDR में ब्याज का भुगतान तय अंतराल पर लिया जा सकता है, जबकि STDR में ब्याज जमा होता रहता है और मैच्योरिटी पर भुगतान किया जाता है। इससे सुपर सीनियर सिटीजन अपनी जरूरत के हिसाब से ब्याज लेने का तरीका चुन सकते हैं।
समय से पहले पैसे निकालने पर क्या होगा?
अगर किसी ग्राहक को FD की अवधि पूरी होने से पहले पैसे की जरूरत पड़ती है, तो Premature Withdrawal की सुविधा उपलब्ध है। हालांकि, ऐसी स्थिति में सामान्य टर्म डिपॉजिट पर लागू नियमों और पेनल्टी के अनुसार ब्याज में कटौती हो सकती है। इसलिए FD खोलने से पहले निवेश की अवधि और पैसों की जरूरत को ध्यान में रखना जरूरी है।
