बिजनेस

SBI New Branches: वित्त मंत्री का ऐलान, 'SBI की खुलेंगी 500 नई शाखाएं', 23000 तक पहुंचेगा कुल नेटवर्क

SBI New Branches: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बैंक में डिजिटल निवेश मजबूत है और यह एक दिन में 20 करोड़ यूपीआई लेनदेन संभाल सकता है। वित्त मंत्री ने कहा कि यह 1921 में तीन प्रेजिडेंसी बैंकों के विलय के उद्देश्य से बहुत आगे निकल गया है।

Image

SBI will open 500 new branches

Photo : Times Now Digital

SBI New Branches: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) चालू वित्त वर्ष में अपने कुल नेटवर्क को 23,000 तक पहुंचाने के लिए 500 और शाखाएं खोलेगा। सीतारमण ने मुंबई में बैंक की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बैंक का आकार 1921 के बाद से काफी बढ़ गया है। उस समय तीन प्रेजिडेंसी बैंकों का विलय कर इंपीरियल बैंक ऑफ इंडिया (आईबीआई) बना था। उन्होंने कहा कि सरकार ने इंपीरियल बैंक ऑफ इंडिया को एसबीआई बनाने के लिए 1955 में संसद में एक कानून पारित किया। 1921 में 250 शाखाओं का नेटवर्क अब बढ़कर 22,500 हो गया है।

ये भी पढ़ें -

एसबीआई की आज 22,500 शाखा

सीतारमण ने कहा, ‘‘एसबीआई की आज 22,500 शाखाएं हैं और मैं समझती हूं कि वित्त वर्ष 2024-25 में 500 और शाखाएं खोली जाएंगी। यानी, शाखाओं की संख्या बढ़कर 23,000 हो जाएगी।’’ एसबीआई ने बैंक क्षेत्र में जो वृद्धि हासिल की है, वह एक वैश्विक रिकॉर्ड होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एसबीआई देश में कुल जमा में 22.4 प्रतिशत हिस्सेदारी रखता है। साथ ही कुल कर्ज में पांचवां हिस्सा इसका है और यह 50 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवाएं देता है।

एक दिन में 20 करोड़ यूपीआई लेनदेन

सीतारमण ने कहा कि बैंक में डिजिटल निवेश मजबूत है और यह एक दिन में 20 करोड़ यूपीआई लेनदेन संभाल सकता है। वित्त मंत्री ने कहा कि यह 1921 में तीन प्रेजिडेंसी बैंकों के विलय के उद्देश्य से बहुत आगे निकल गया है।

एक सदी पुराने एकीकरण का मकसद लोगों तक बैंक सेवाओं का विस्तार करना था। एसबीआई की मुंबई स्थित मुख्य शाखा का एक विरासत इमारत में स्थित है। इसका उद्घाटन 1924 में हुआ था।

100 रुपये का स्मारक सिक्का

वित्त मंत्री ने शाखा के लिए 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया और कहा कि देशभर में एसबीआई की 43 शाखाएं एक सदी से अधिक पुरानी हैं। सीतारमण ने कार्यक्रम के दौरान 1981 और 1996 के बीच बैंक के इतिहास को उकरने वाला दस्तावेज भी जारी किया।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार का एक और दस्तावेज जारी किया जाएगा। इसमें 2014 से प्रत्येक नागरिक तक पहुंचने के एसबीआई के प्रयासों में ‘तेज गति से वृद्धि’ को दर्शाया जाएगा। (इनपुट - भाषा)

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article